bareillylive@bareillynews:ओसवाल शुगर मिल पर किसानों का भुगतान बकाया, सितंबर में नीलामी की उम्मीद
बरेली। नवाबगंज स्थित ओसवाल शुगर मिल के गन्ना किसानों के करीब दो वर्ष से बकाया भुगतान को लेकर किसानों ने सामाजिक संस्था पैनी नजर के नेतृत्व में नवाबगंज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संस्था की अध्यक्ष ने प्रशासन से बकाया भुगतान की वर्तमान स्थिति की जानकारी किसानों को उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों और संस्था के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि गन्ना भुगतान के मामले में प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार मिल की संपत्ति का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और इसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन ने सितंबर माह में नीलामी होने की संभावना जताई है। नीलामी सफल होने के बाद किसानों के खातों में बकाया गन्ना भुगतान किए जाने की बात कही गई।
संस्था अध्यक्ष ने कहा कि किसानों का भुगतान लगातार लंबित होने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नीलामी प्रक्रिया में बार-बार बाधा डालकर भुगतान रोकने का प्रयास किया गया तो किसान जन आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने प्रशासन से नीलामी प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न करने की मांग की। उनका कहना था कि दो वर्ष का बकाया अब लगभग तीन वर्ष पुराना हो चुका है और किसानों का धैर्य जवाब दे रहा है।
ज्ञापन के दौरान कोषाध्यक्ष वहीद अहमद सहित रामरतन गंगवार, खेमकरण गंगवार, ब्रह्मानंद गंगवार, हेमेंद्र गंगवार, चेतराम गंगवार, प्रेमपाल गंगवार, सोमप्रकाश गंगवार समेत विभिन्न गांवों के किसान और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






Leave a Reply