The Voice of Bareilly since 2010

जनपद स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज का दबदबा, अंडर-17 और अंडर-19 में जीता खिताब

जनपद स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज

bareillylive@bareillynews:बरेली में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, चयनित खिलाड़ी मंडलीय स्तर पर दिखाएंगे दम

बरेली। एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, बरेली में आयोजित जनपद स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मेजबान विद्यालय के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ने अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों में विजेता बनकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अंडर-14 वर्ग में चार, अंडर-17 में नौ और अंडर-19 वर्ग में पांच विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी रहे। इस दौरान मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद, राजकीय हाई स्कूल बडेपुरा की प्रधानाचार्य अर्चना राजपूत, किशोर नदीम, जफर मेहदी हसन, सुरेंद्र, अभिषेक और राहुल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंडर-19 में राजकीय इंटर कॉलेज को दी मात

फाइनल मुकाबले में अंडर-19 वर्ग में एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ने राजकीय इंटर कॉलेज, बरेली को 25-13 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 वर्ग के फाइनल में एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ने चंगमल मॉन्टेसरी स्कूल, फरीदपुर को 25-16 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया गया।

कॉलेज के शारीरिक शिक्षक शाहिद रजा ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मंडलीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभाओं का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी सितंबर में प्रयागराज में होने वाली प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में सादिक, राजा नदीम अली, हामिद और शान अली समेत अन्य अधिकारियों और खेलकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!