The Voice of Bareilly since 2010

अखिलेश यादव ने आंवला सांसद नीरज मौर्य को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, छह जिलों में लगाएंगे चौपाल

अखिलेश यादव ने आंवला सांसद नीरज मौर्य को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

bareillylive@bareillynews:फर्रुखाबाद से उन्नाव तक विधानसभा क्षेत्रों में कैडर पंचायत के जरिए कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद का निर्देश

बरेली। समाजवादी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आंवला सांसद नीरज मौर्य को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष ने सांसद को पत्र जारी कर छह जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल और कैडर पंचायत आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी के तहत सांसद नीरज मौर्य को फर्रुखाबाद, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और उन्नाव की विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करना होगा। इस दौरान वह स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चौपाल एवं कैडर पंचायत आयोजित कर समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी देंगे।

विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर

निर्देशों के मुताबिक इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की बातों को भी प्रमुखता से सुना जाएगा।

सांसद को भ्रमण के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं के सुझाव और अपेक्षाएं जुटाकर उन्हें पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी दी गई है। इससे पार्टी और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच संवाद को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

छह जिलों में बढ़ेगी संगठनात्मक सक्रियता

प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र के बाद माना जा रहा है कि नीरज मौर्य की संगठनात्मक सक्रियता अब बरेली मंडल से बाहर भी बढ़ेगी। छह जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में लगातार संवाद और चौपाल के जरिए पार्टी जमीनी स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

राजनीतिक जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं। चौपाल और कैडर पंचायत के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!