bareillylive@bareillynews:किला थाना क्षेत्र में स्वालेनगर, बाकरगंज और रामपुर रोड पर छापेमारी, 15 चरखी मांझा समेत शीशा-कांच मिश्रित सामग्री बरामद
बरेली। शीशा और कांच मिश्रित खतरनाक मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना किला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 चरखी मिलावटी मांझा, सफेद व काला पाउडर तथा शीशा-कांच लेपित घोल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना पर थाना किला क्षेत्र के स्वालेनगर, बाकरगंज और रामपुर रोड स्थित अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद नवाब, मोहम्मद कासिम खान, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद रशीद, सलीम, जाहिद, दिलशाद, मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार किया।
चोरी-छिपे तैयार करते थे खतरनाक मांझा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी-छिपे शीशा-कांच लेपित घोल और विभिन्न रासायनिक पाउडर मिलाकर मांझा तैयार करते थे। इसके बाद तैयार मांझे को बेचकर अपनी आजीविका चलाते थे।
पुलिस ने मामले में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की है। बरामद सामग्री को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।
आमजन और पशु-पक्षियों के लिए खतरनाक है शीशा मिश्रित मांझा
बरेली पुलिस ने कहा कि शीशा और कांच मिश्रित मांझा आमजन के साथ-साथ पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक है। ऐसे मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






Leave a Reply