The Voice of Bareilly since 2010

श्री कृष्ण की 137वीं दधिकांदों शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

bareillylive@bareillynews:उमस और बारिश की फुहार के बीच गूंजे जयकारे, झांकियों ने मोहा मन; मुस्लिम समाज ने भी जगह-जगह किया स्वागत

बरेली। पुराना शहर स्थित चंद्र नगर धार्मिक समिति के तत्वावधान में शनिवार को भगवान श्री कृष्ण की 137वीं पारंपरिक दधिकांदों शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुई शोभायात्रा में उमस और बारिश की फुहार भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं कर सकी। रास्तेभर भगवान श्री कृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और श्रद्धालु शामिल हुए। मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण के सिंहासन पर पुष्पवर्षा करते और जयकारे लगाते नजर आए। मार्ग में सैकड़ों स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया।

शोभायात्रा में इस बार महाराष्ट्र से आए झांझ-डमरू मंडल ने विशेष आकर्षण पैदा किया। कलाकारों के करतब देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। सबसे आगे ग्वाल वालों की तीन टोलियां करतब दिखाते हुए चल रही थीं। इसके पीछे बैंड और भगवान श्री कृष्ण का मुख सिंहासन था। इसके बाद महाराष्ट्र का झांझ-डमरू मंडल और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संदेशों से जुड़ी झांकियां चल रही थीं।

झांकियों में भगवान गणेश, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, भारत माता, खाटू श्याम, शिव परिवार, दुर्गा माता, कांच वाले बाबा और पंचमुखी बजरंगबली समेत कई झांकियां शामिल थीं। सबसे पीछे भजन मंडली भजनों की प्रस्तुति देते हुए चल रही थी।

जहां कभी हुआ था उपद्रव, वहीं दिखी गंगा-जमुनी तहजीब

शोभायात्रा के दौरान पुराना शहर के उस क्षेत्र में भी आपसी सौहार्द की मिसाल देखने को मिली, जहां कई वर्ष पहले उपद्रव हुआ था। यहां अमन कमेटी की ओर से अधिवक्ता अच्छन अंसारी के नेतृत्व में लोगों ने गर्मजोशी से शोभायात्रा का स्वागत किया। डॉ. कदीर अहमद, विष्णु अग्रवाल, डॉ. सलीम, हाशिम अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कई मुस्लिम सभासदों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया।

नवादा शेखान में खिदमात कमेटी की ओर से शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। इससे पहले विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर प्रसाद एवं नाश्ता वितरित किया।

जनप्रतिनिधियों ने की आरती, दिखाई हरी झंडी

शोभायात्रा शुरू होने से पहले शहर विधायक संजीव अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने श्री सीताराम मंदिर पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण का अभिषेक किया और प्रथम आरती उतारी। पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने भी मंदिर पहुंचकर आरती की। इसके बाद मेयर डॉ. उमेश गौतम ने भगवान श्री कृष्ण की आरती उतारकर शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाई।

दुर्गा मंदिर पहुंचने पर समाजसेवी एवं आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनोद पागरानी ने भगवान का अभिषेक और आरती कर रथ का संचालन किया। मौर्य मंदिर पर सभासद दल के नेता एवं पार्षद राजेश अग्रवाल ने भगवान श्री कृष्ण का अभिषेक और आरती कर रथ चलाया।

बालज्योति के पास वाल्मीकि बस्ती में एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कटेरिया के नेतृत्व में शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ जन कल्याण समिति की ओर से उपाध्यक्ष अनिल सक्सेना के नेतृत्व में स्वागत कर नाश्ते का वितरण किया गया।

समिति पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

शोभायात्रा का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने किया। भगवान श्री कृष्ण के मुख सिंहासन की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता दिनेश दददा एडवोकेट तथा उपाध्यक्ष श्याम मनोहर गुप्ता ने संभाली। शोभायात्रा की संपूर्ण व्यवस्था एवं नियंत्रण महामंत्री सोमपाल प्रजापति के साथ संयोजक सुरेश दिवाकर, राजेश मौर्य बबलू, राजीव गुप्ता और राहुल चौधरी ने संभाला।

स्थानीय चारों पार्षद छंगामल मौर्य, अजय रत्नाकर, हरिओम कश्यप और चंद्रपाल राठौर भी पूरी शोभायात्रा में शामिल रहे।

शोभायात्रा को सफल बनाने में सर्वेश गुप्ता, तोताराम गुप्ता, रामेंद्र प्रसाद, पन्नीलाल मौर्य, सुशील गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, ओमप्रकाश प्रजापति, उल्फत सिंह कठेरिया, डॉ. हरीश गंगवार, महेश कठेरिया, डॉ. विनोद याजुर्वेदी, भूपेंद्र कनौजिया, नरेश चंद गुप्ता, आशीष कुमार सक्सेना, मुकुल प्रजापति, अमोल गुप्ता, शेर बहादुर समेत बड़ी संख्या में लोगों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!