The Voice of Bareilly since 2010

नाथ कॉरिडोर से बरेली को मिलेगी नई भव्यता और दिव्यता, गांधी उद्यान के सामने बनेगा ‘गौतम बुद्ध चौक’

नाथ कॉरिडोर से बरेली को मिलेगी नई भव्यता और दिव्यता

bareillylive@bareillynews:चौराहे का होगा समग्र पुनर्विकास, यातायात व्यवस्था होगी बेहतर; भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा बनेगी आकर्षण का केंद्र

बरेली। नाथ कॉरिडोर के तहत बरेली शहर के प्रमुख स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था में सुधार और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इसी क्रम में महात्मा गांधी उद्यान के सामने स्थित गौतम बुद्ध पार्क के निकट चौराहे को ‘गौतम बुद्ध चौक’ के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

प्रस्ताव के तहत चौराहे का समग्र पुनर्विकास किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के साथ आवागमन को सुगम बनाने पर जोर रहेगा। यहां भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे चौराहे को नई पहचान मिलेगी।

गांधी उद्यान में बनेगी आकर्षक फोकस वॉल

महात्मा गांधी उद्यान परिसर में नाथ नगरी की आभा, सांस्कृतिक विरासत और नाथ कॉरिडोर की थीम को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक फोकस वॉल विकसित करने की भी योजना है। इससे गांधी उद्यान और आसपास का क्षेत्र नाथ कॉरिडोर की थीम के अनुरूप एक विशिष्ट स्वरूप लेगा।

गौतम बुद्ध पार्क समिति ने किया प्रस्ताव का स्वागत

प्रस्तावित योजना को लेकर गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय से मुलाकात की। समिति ने चौराहे के विकास, भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने और इसका नाम ‘गौतम बुद्ध चौक’ रखने के प्रस्ताव का स्वागत किया।

समिति ने इसे बौद्ध समाज की भावनाओं के अनुरूप सकारात्मक पहल बताया। पदाधिकारियों ने पार्क के आगामी विकास को लेकर स्तूपाकार प्रवेश द्वार बनाने और गौतम बुद्ध मार्ग पर भगवान बुद्ध के धम्म उपदेशों को प्रदर्शित करने के सुझाव भी दिए।

‘नाथ नगरी की पहचान को मिलेगी नई भव्यता’

BDA उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय, IAS ने कहा कि नाथ कॉरिडोर बरेली की आस्था, संस्कृति और विरासत को नई भव्यता और दिव्यता देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप शहर का समग्र विकास करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध चौक का प्रस्ताव इसी व्यापक विकास दृष्टिकोण का हिस्सा है। भगवान बुद्ध की प्रतिमा, चौराहे का सुव्यवस्थित विकास और गांधी उद्यान में प्रस्तावित फोकस वॉल इस पूरे क्षेत्र को आकर्षक पहचान प्रदान करेंगे। समिति की ओर से दिए गए सुझावों को भी विकास प्रक्रिया में उचित स्थान दिया जाएगा।

आयुक्त के दिशा-निर्देशन में आगे बढ़ रहा नाथ कॉरिडोर

नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्य आयुक्त बरेली शंभू कुमार के संरक्षण और दिशा-निर्देशन में आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इसके तहत शहर के प्रमुख स्थलों को यातायात सुधार, सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन सुविधाओं से जोड़ते हुए व्यापक विकास की योजना पर काम किया जा रहा है।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित विकास योजना की सराहना करते हुए इसे स्वागत योग्य पहल बताया और योजना पर अपनी सहमति व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!