The Voice of Bareilly since 2010

श्री हरि मंदिर में 66वें राधा अष्टमी महोत्सव का भक्तिमय शुभारंभ

श्री हरि मंदिर में 66वें राधा अष्टमी महोत्सव का भक्तिमय शुभारंभ

Bareillylive: नाथ नगरी के मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में 66वें वार्षिक श्री राधा अष्टमी महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 6 सितंबर 2026 को हर्ष-उल्लास के साथ हुआ। महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर श्री वैष्णो देवी बुआ दाती संकीर्तन मंडल द्वारा प्रस्तुत श्री हरिनाम संकीर्तन ने भक्तजनों को राधामय वातावरण में लीन कर दिया।

उद्घाटन समारोह और संकीर्तन:
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुशील अरोड़ा और सचिव रवि छाबड़ा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके उपरांत बुआ दाती संकीर्तन मंडल ने भावपूर्ण भजनों की रसधारा बहाई, जिनमें “सारी दुनिया है दीवानी श्री राधा रानी आपकी”, “हम दीवाने आ गए श्री राधे तेरे बरसाने में”, “तेरी रहमत का दरिया सरेआम चल रहा है”, “आशा रख पगली वो आएंगे”, “मैंने मोहन को बुलाया है वह आता ही होगा” और “बिन पिए नशा हो जाता है जो राधे-राधे गाता है” जैसे भजनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्ति-रस से सराबोर कर दिया।

कलश यात्रा और भागवत कथा का कार्यक्रम :
सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि आज 6 सितंबर की शाम 5 बजे मंदिर के मुख्य द्वार से एक दिव्य और भव्य मांगलिक कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 108 महिलाएं दिव्य मंगल कलश धारण कर श्री हरि मंदिर की परिक्रमा करेंगी और यात्रा का समापन पुनः मुख्य द्वार पर होगा। कलश यात्रा के पश्चात् पठानकोट से पधारे भागवत भूषण श्री अतुल कृष्ण शास्त्री द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जो 12 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगा।

आयोजन में सहयोगी सदस्य :
उद्घाटन कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, योगेश ग्रोवर, जितेंद्र दुआ, अनिल चढ़ा, रंजन कुमार, संजीव राय, संजय गोयल, दीपक साहनी, राजेश अरोड़ा, संजीव अरोड़ा, विनोद भाटिया, सचिन सेठी, विपिन पाहवा, अतुल कपूर और डॉ. विनोद पगरानी आदि का विशेष सहयोग रहा। महिला सेवा समिति की अध्यक्ष रेनू छाबड़ा, उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा, नीलम साहनी, नीलम लुनियाल, नेहा आनंद, ममता ओबेरॉय, सीमा तनेजा, प्रवेश कोचर, निशा लखानी, अलका छाबड़ा और विमल सोंधी आदि ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!