bareillylive@bareillynews:जनसंपर्क और जनसंवाद अभियान को व्यवस्थित बनाने की कवायद, हर बूथ पर नियुक्त होगा बूथ कैप्टन
बरेली। उद्योग व्यापार सुरक्षा मंडल के अध्यक्ष एवं एडवोकेट गौरव सक्सेना के नेतृत्व में चल रहे ‘मिशन 124’ जनसंपर्क एवं जनसंवाद अभियान को अब अधिक व्यवस्थित और पेशेवर स्वरूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में वार्ड और बूथ स्तर पर टीमों के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
आयोजित बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनसंपर्क, जनसंवाद, परिचय यात्रा और क्षेत्रीय गतिविधियों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों की क्षमता और उनके क्षेत्रीय अनुभव के आधार पर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया।
हर बूथ पर होगा बूथ कैप्टन
मिशन 124 के तहत प्रत्येक वार्ड में एक टीम गठित करने के साथ ही हर बूथ पर बूथ कैप्टन नियुक्त किए जाएंगे। बूथ कैप्टन स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, सुझावों और जनसरोकारों से जुड़ी जानकारी जुटाएंगे। इस फीडबैक को आगे की कार्ययोजना तैयार करने में उपयोग किया जाएगा।
स्थानीय मुद्दों का होगा दस्तावेजीकरण
गौरव सक्सेना ने कहा कि मिशन 124 का उद्देश्य महज टीमों का गठन करना नहीं, बल्कि प्रशिक्षित, जिम्मेदार और सक्रिय कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं और सुझावों को व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जाएगा तथा जनसरोकारों को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड और बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने से आम लोगों के साथ संवाद और अधिक प्रभावी होगा।
विभिन्न वर्गों के लोगों ने लिया हिस्सा
बैठक में व्यापारी, युवा, अधिवक्ता, स्वरोजगार से जुड़े लोग और वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। बैठक में दिलीप खुराना, अवधेश कुमार त्रिवेदी, अमित कंचन, पुनीत अनेजा, शिवम सक्सेना, चेतन गुज्जराल, अंकित खंडूजा, रॉबिन जायसवाल, मोहम्मद सैफ, ऋषभ मेहरोत्रा, नीरज त्यागी, शैलेंद्र सिंह, रचित जौहरी, जय सक्सेना, आकाश शर्मा, केतन अरोड़ा और तरुण किशोर गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।
बैठक के बाद रात्रि सहभोज का भी आयोजन किया गया।






Leave a Reply