The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में बारिश का कहर: दूध की डेयरी समेत तीन जर्जर मकान गिरे, स्कूटर और पशु मलबे में दबे

बरेली में बारिश का कहर दूध की डेयरी समेत तीन

bareillylive@bareillynews:मूसलाधार बारिश के बीच अलग-अलग इलाकों में हादसे, राहत की बात—कहीं नहीं हुई जनहानि

बरेली। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोमवार सुबह बरेली में जर्जर इमारतों के गिरने से अफरा-तफरी मच गई। शहर के अलग-अलग इलाकों में दूध की डेयरी समेत तीन पुराने मकान भरभराकर गिर गए। हादसों में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई, हालांकि आजमनगर में तीन स्कूटर मलबे में दब गए, जबकि बिहारीपुर में डेयरी में बंधे पशु भी मलबे में फंस गए।

लगातार बारिश के कारण आसपास के कुछ मकानों में दरारें आने से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जर्जर भवनों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

सौदागरान में 50 साल पुराना मकान ढहा

पहला हादसा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सौदागरान में दरगाह आला हजरत के पास हुआ। यहां करीब 50 साल पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के नीचे सुरमे की दुकान थी, जबकि ऊपरी हिस्से में रहने वाले लोग मकान की जर्जर हालत को देखते हुए पहले ही इसे खाली कर चुके थे।

मकान गिरने के बाद बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर फैल गया, जिससे दरगाह की ओर जाने वाला रास्ता बाधित हो गया।

आजमनगर में तीन स्कूटर मलबे में दबे

दूसरा हादसा करीब 6:30 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के आजमनगर में हरी मस्जिद के पास हुआ। यहां शरीफ मियां का करीब 80 साल पुराना दो मंजिला मकान अचानक ढह गया।

मकान गिरने से मलबा पूरी गली में फैल गया। गली में खड़े तीन स्कूटर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया गया।

बिहारीपुर में दूध की डेयरी का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया , पशु मलबे में दबे

तीसरी घटना बिहारीपुर क्षेत्र के मोहल्ला कसग्रान में हुई। यहां मंगल सिंह यादव की दूध की डेयरी का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया । डेयरी में बंधे पशु मलबे में दब गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जर्जर मकानों के सर्वे की मांग

लगातार बारिश के बीच एक के बाद एक जर्जर भवन गिरने की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने नगर निगम से शहर के सभी जर्जर मकानों का तत्काल सर्वे कराने, खतरनाक भवनों को खाली कराने और बारिश के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!