The Voice of Bareilly since 2010

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत ने किया प्रदर्शन, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत ने किया

bareillylive@bareillynews:जलभराव, नालों की सफाई, अतिक्रमण और आवारा पशुओं से फसलों के नुकसान का मुद्दा उठाया

बरेली। किसानों और आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) टिकैत ने सोमवार को प्रदर्शन किया। जिला प्रवक्ता मोहम्मद इकबाल एडवोकेट के नेतृत्व में किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भाकियू पदाधिकारियों ने अधिकारियों को दिए जाने वाले ज्ञापनों और प्रार्थना पत्रों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संगठन का आरोप है कि उच्च अधिकारियों द्वारा शिकायतें संबंधित विभागों को भेजे जाने के बाद निचले स्तर पर कई मामलों को दबा दिया जाता है। वहीं, शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी नहीं दी जाती, जिसके कारण कई समस्याएं वर्षों तक लंबित रहती हैं।

अधिकारियों की कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग

भाकियू ने मांग की कि अधिकारियों के निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिक और किसान अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकें और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो सके।

जलभराव और गंदगी का मुद्दा उठाया

ज्ञापन में हाल में हुई भारी बारिश के बाद महानगर में जगह-जगह हुए जलभराव का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने नालों की तली तक सफाई नहीं होने, जगह-जगह कूड़े के ढेर और अतिक्रमण की समस्या पर नाराजगी जताई।

इसके साथ ही सड़क किनारे खड़े वाहनों और ठेलों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।

आवारा पशुओं और वनरोज से फसलों की सुरक्षा की मांग

किसानों ने आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर नियंत्रण की मांग की। भाकियू ने पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही वनरोज और जंगली सुअरों से फसलों की सुरक्षा के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में महेंद्र पाल, असगर अली, निसार, राजा, अताउल्ला, आमिर रजा, राकेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!