bareillylive@bareillynews:संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा, अधिकारियों को सतर्कता और राहत तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश
बरेली। रामगंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार को नाव के माध्यम से नदी और तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलस्तर, तटबंधों की स्थिति, कटान संभावित स्थानों और आसपास के गांवों की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
हर घंटे होगी जलस्तर की निगरानी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामगंगा नदी के जलस्तर में हो रहे बदलाव की हर घंटे निगरानी की जाए और जलस्तर से संबंधित आंकड़े तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कटान की आशंका वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी दल तैनात करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जलस्तर में लगातार बदलाव को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रभावित गांवों की सूची तैयार रखने के निर्देश
डीएम ने एसडीएम सदर और तहसीलदार को संभावित रूप से प्रभावित गांवों की अद्यतन सूची तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही लेखपालों और ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की सक्रिय ड्यूटी लगाने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को सतर्क करने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
नाव, लाइफ जैकेट और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था
आपदा प्रबंधन विभाग को बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के साथ ही नाव, लाइफ जैकेट, राहत सामग्री, पेयजल, खाद्यान्न और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नदी में जाने से बचें और बच्चों को किसी भी स्थिति में नदी के किनारे न जाने दें। प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और राहत तैयारियों को तेज कर दिया है।






Leave a Reply