bareillylive@bareillynews:नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बांटे गए मनोनयन पत्र, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान
बरेली। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर सोमवार को नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, सचिव और कार्यकारिणी सदस्यों सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपे गए। इस दौरान पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी निष्ठा के साथ जुटने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की, जबकि संचालन नवनियुक्त जिला महासचिव राजकुमार पाल ने किया। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव और जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किए।
पद छोटा-बड़ा नहीं, सभी कार्यकर्ता बराबर: शुभलेश यादव
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में पद केवल एक प्रक्रिया का हिस्सा है। पार्टी में कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता। सभी कार्यकर्ता समान हैं और प्रत्येक की अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि समानता, सम्मान और सभी को साथ लेकर चलना ही असली समाजवाद है। नई जिला कार्यकारिणी को संगठन की मजबूती के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना कार्यकारिणी की प्राथमिकता होगी।
भाजपा नेताओं के बयानों पर जताई नाराजगी
शुभलेश यादव ने भाजपा नेताओं द्वारा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति कथित अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन लोकतंत्र में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सपा अपने नेताओं के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी जल्द ही बड़ा आंदोलन करेगी। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
सामाजिक न्याय और पीडीए के विचार पर हुआ कार्यकारिणी गठन: वीरपाल सिंह यादव
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि बरेली जिला कार्यकारिणी का गठन सामाजिक न्याय और पीडीए के मूल विचार को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो पार्टी की समावेशी राजनीति और सामाजिक बराबरी की सोच को दर्शाता है।
उन्होंने जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव और पूरी कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव का समय नजदीक है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी समझकर पूरी ताकत से संगठन के लिए काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जिस प्रत्याशी को टिकट देंगे, सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पूरी एकजुटता के साथ उसके समर्थन में चुनाव मैदान में उतरना होगा। संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार बनेगी।
सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान की लड़ाई: वीरपाल
वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल चुनाव लड़ने वाला संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, संविधान और बराबरी की लड़ाई लड़ने वाला राजनीतिक संगठन है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर जनसमस्याओं और सरकार की नीतियों को मजबूती से उठाएं तथा पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
नवनियुक्त जिला महासचिव राजकुमार पाल ने कहा कि नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी संगठन की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने जो विश्वास कार्यकर्ताओं पर जताया है, उसे संगठन को मजबूत करके और जनता के बीच सक्रिय रहकर पूरा किया जाएगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, प्रमोद यादव एडवोकेट, बृजेंद्र पटेल, बृजेंद्र सिंह, जितेंद्र मुंडे, चौधरी बृजेंद्र, पीयूष वर्मा, प्रदीप मौर्य, रईस मियां अब्बासी, तनवीरुल इस्लाम, योगेश सिंह, संजीव दन्नू, ताजुद्दीन, हसनैन खां, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, जिला सचिव राम सेवक प्रजापति, जमुना प्रसाद मौर्य, डॉ. सत्यदेव मैथिल, नवीन कश्यप, अंशु गंगवार, अरविंद वाल्मीकि, रमेश यादव, शकील सैफी, राकेश प्रताप सिंह, पीर मोहम्मद, डॉ. मुक्ता प्रसाद दिवाकर, ठाकुर चंद्रपाल सिंह, नरेश विश्वकर्मा, जुल्फिकार बिट्टू, कप्तान यादव और रविंद्र यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकारिणी सदस्यों में हाजी वफा उर रहमान, सीमा श्रीवास्तव, विशन सिंह मौर्य, भजन लाल मौर्य, पप्पू कश्यप, जयदेव पटेल, बृजलाल लोधी, गंगा सिंह लोधी, भद्रासेन गंगवार, अरविंद यादव, विश्वास लोधी, राकेश गौड़ और चौधरी पुष्पेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ जुटने का संकल्प लिया।






Leave a Reply