bareillylive@bareillynews:हादसे में दंपति घायल, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाकर मलबे से निकाला; महेंद्र पाल अस्पताल में भर्ती
देवरनियां। कोतवाली देवरनियां क्षेत्र के गांव बिहारीपुर इस्तमुरार में शनिवार देर रात करीब तीन बजे लगातार हो रही बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। बारिश के कारण किसान महेंद्र पाल (60) के घर की खपरैल अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर महेंद्र पाल और उनकी पत्नी शांति देवी (55) सो रहे थे।

खपरैल गिरने से दोनों पति-पत्नी और घर में बंधे तीन पशु मलबे के नीचे दब गए। अचानक मलबा गिरने की आवाज और दंपति की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दंपति और पशुओं को निकाला
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महेंद्र पाल, उनकी पत्नी शांति देवी और तीनों पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में महेंद्र पाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी शांति देवी के सिर में चोट आई है। मलबे में दबने से पशुओं को भी हल्की चोटें लगी हैं।
निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
गंभीर रूप से घायल महेंद्र पाल को परिजन और ग्रामीण उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। शांति देवी का भी उपचार कराया गया है।
लगातार बारिश के बीच मकान गिरने की घटना से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और जर्जर मकानों का निरीक्षण कराने की मांग की है।






Leave a Reply