bareillylive@bareillynews:जादौंपुर और अहमदाबाद फीडर की मशीनों तक पहुंचा पानी, करंट फैलने के खतरे से टाउन की आपूर्ति भी बंद
देवरनियां। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। देवरनियां कस्बे में बरेली-नैनीताल हाईवे किनारे स्थित 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र में पानी भर जाने से देवरनियां कस्बे समेत करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सकी। उपकेंद्र के निचले हिस्से में स्थित अहमदाबाद और जादौंपुर फीडर की मशीनों तक पानी पहुंच गया है।
बारिश के कारण विद्युत उपकेंद्र परिसर में घुटनों तक पानी भर गया है। ऐसे में कर्मचारियों को भी पानी के बीच से होकर काम करना पड़ रहा है। आर्थिंग फैलने और करंट उतरने के खतरे को देखते हुए देवरनियां टाउन की बिजली आपूर्ति भी बंद रखी गई है।
रविवार रात से बिजली आपूर्ति ठप
पिछले तीन दिनों से देवरनियां क्षेत्र में रुक-रुककर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। इससे सड़क मार्गों के साथ कई सरकारी भवन भी जलभराव की चपेट में हैं।
अहमदाबाद और जादौंपुर फीडर की मशीनों में पानी भरने के कारण इनसे जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति रविवार रात करीब 11 बजे से बंद है। सोमवार को 24 घंटे बीतने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
एसडीओ और जेई ने संभाली व्यवस्था
विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि 33 केवी कंट्रोल पैनल और 11 केवी फीडरों में पानी भर गया है। उपकेंद्र परिसर में भी घुटनों तक पानी जमा है।
उन्होंने बताया कि देवरनियां नगर पंचायत और धौंरा फीडर की मशीनें ऊंचाई पर बने कमरे में लगी हैं, लेकिन परिसर में पानी भरा होने के कारण आर्थिंग फैलने के खतरे को देखते हुए इनकी आपूर्ति भी बंद रखी गई है।
नगर पंचायत की जेसीबी से पानी निकालने की कोशिश
एसडीओ विशाल कंसल और जेई सुशील कुमार मिश्रा ने नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कलीम अंसारी के सहयोग से जेसीबी मंगवाकर विद्युत परिसर और कमरों में भरे पानी की निकासी का प्रयास किया। टीम देर रात तक पानी निकालने में जुटी रही, लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद सफलता नहीं मिल सकी।
जलभराव की चपेट में एसडीओ कार्यालय
विद्युत उपकेंद्र परिसर में स्थित एसडीओ कार्यालय भी जलभराव की चपेट में आ गया है। पानी भरने के कारण कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा।
खतरा टलने के बाद ही बहाल होगी बिजली : एसडीओ
एसडीओ विशाल कंसल ने बताया कि बिजलीघर परिसर में भरे पानी की निकासी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि धौंरा और देवरनियां टाउन फीडर की मशीनें सुरक्षित हैं, लेकिन बिजलीघर परिसर में पानी भरा होने के कारण आर्थिंग फैलने का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए आपूर्ति बंद रखी गई है। पानी की निकासी होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
फोटो कैप्शन: विद्युत उपकेंद्र परिसर में भरे पानी के बीच निकलते कर्मचारी और लोग तथा फीडर की मशीन में पानी रोकने के लिए लगाए गए बांस।






Leave a Reply