Bareillylive : मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर रविवार को हिंदी निबंध प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण और पुस्तक विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम द्वारिका पुरम कॉलोनी में बड़े बाग रामलीला मैदान के सामने संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अरुणा सिन्हा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद मधु वर्मा, इंद्रदेव त्रिवेदी और मुकेश सक्सेना ने हिंदी गीत प्रस्तुत किए।
हिंदी निबंध प्रतियोगिता में 21 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में मीरा मोहन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विनीता मेहरोत्रा और अरुणा सिन्हा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अखिलेश गुप्ता और अखिलेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जयपुर के वरिष्ठ साहित्यकार हरिशंकर शर्मा को हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा 45 हिंदी पुस्तकों के लेखन के लिए हिंदी का अति विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उनकी पुस्तक ‘शेष डायरी’ का अतिथियों द्वारा विमोचन भी किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में विशेष पुरस्कार प्राप्त करने वालों में प्रकाश चंद्र सक्सेना, शोभा सक्सेना, कल्पना सक्सेना, मधु वर्मा, सुषमा रस्तोगी, शकुन सक्सेना, डॉ. अनिला रंजन और सुधीर मोहन शामिल रहे।
सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को हार, शॉल, स्मृति चिह्न तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता नवगीतकार रमेश गौतम ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. विनोद पागरानी रहे। क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा और मुकेश सक्सेना ने पुरस्कार प्रदान किए। संचालन सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम में साहित्य भूषण सुरेश बाबू मिश्रा, निर्भय सक्सेना, सत्येंद्र सक्सेना, गंगाराम पाल, सुनील शर्मा, अनिल सक्सेना, अनिल गुप्ता, मंजू गुप्ता, डॉ. अतुल वर्मा, डॉ. असित रंजन और आर.एन. मेहरोत्रा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।






Leave a Reply