bareillylive@bareillynews:बरेली। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच नाथ नगरी बरेली शाखा की ओर से रविवार को सीआई पार्क में साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कैंट विधानसभा विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन को रवाना किया।
साइक्लोथॉन में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर युवाओं और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। साइकिलों पर सवार प्रतिभागियों के ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र एवं भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विधायक संजीव अग्रवाल ने खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। युवा देश की रीढ़ हैं और इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
युवाओं को सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत
संजीव अग्रवाल ने कहा कि बरेली के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और उचित प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन जैसे आयोजन युवाओं और बच्चों को फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन और सकारात्मक सोच से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पदाधिकारियों ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
साइक्लोथॉन के दौरान आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और सहयोगियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में डाॅ. विनोद पागरानी, प्रांतीय उपाध्यक्ष गौरव जैन, प्रांतीय सचिव अभिषेक भारद्वाज, प्रांतीय संयोजक स्वाति जैन, शाखा अध्यक्ष पंकज सोनी, निवर्तमान अध्यक्ष आकाश अग्रवाल, शाखा सचिव उत्सव मित्तल और शाखा कोषाध्यक्ष राहुल जालान सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
साइक्लोथॉन में बच्चों, युवाओं और अन्य प्रतिभागियों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। आयोजकों ने स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजनों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया।






Leave a Reply