bareillylive@bareillynews:फतेहगंज पूर्वी। नगर में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। ललिता देवी मंदिर परिसर में श्री गणेश आयोजन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्री गणेश को 1108 मोदक/लड्डुओं का भोग अर्पित कर नगर, क्षेत्र और देश की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की गई। इस दौरान भव्य शोभायात्रा, मटकी फोड़ कार्यक्रम और जगह-जगह भंडारों का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे भगवान श्री गणेश के आवाहन और प्रतिमा स्थापना के साथ हुई। नगर के पुरोहित पंडित उमेश चंद्र शास्त्री ने विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद भगवान श्री गणेश को 1108 लड्डुओं का भोग समर्पित किया गया।
पूजन के बाद आंवला भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, राजश्री ग्रुप के एमडी ऋषभ बंसल, ब्लॉक प्रमुख फरीदपुर सोनम ग्वाल, स्वर्गीय विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के पुत्र ईशान ग्वाल और भाजपा नेता जवाहरलाल ने भगवान श्री गणेश का तिलक कर आरती उतारी। श्री गणेश आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का माला और पटका पहनाकर तथा भगवान राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया।
दो दर्जन से अधिक झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
दोपहर करीब 2 बजे दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियों के साथ भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। नगर के रहमान बैंड ने भक्ति गीतों और मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने घरों के सामने भगवान श्री गणेश का तिलक कर फूल-मालाओं से स्वागत किया और मोदक का भोग लगाया। जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
मटकी फोड़ कार्यक्रम में युवाओं ने दिखाया उत्साह
शोभायात्रा के दौरान नगर में विभिन्न स्थानों पर मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। उत्साही युवाओं ने ‘गोविंदा आला रे’ की तर्ज पर मटकी फोड़कर उसमें रखे इनाम को हासिल किया। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
वहीं नगरवासियों की ओर से कई स्थानों पर खिचड़ी, मीठा, शरबत और कोल्ड ड्रिंक के भंडारे लगाए गए। श्रद्धालुओं ने इन भंडारों में प्रसाद ग्रहण किया।
इन मार्गों से होकर गुजरी शोभायात्रा
भगवान श्री गणेश की शोभायात्रा ललिता देवी मंदिर से शुरू होकर मोहल्ला कश्यावान, बाजार, जनूबी जमींदारान, उत्तमगंज, साहूकारा, मैर/सराफा बाजार और लखनपुर रोड होते हुए मेन हाईवे पहुंची। इसके बाद स्टेशन रोड, नई कॉलोनी होते हुए हनुमान मूर्ति पहुंची। देर शाम शोभायात्रा वापस ललिता देवी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
आयोजन के दौरान फतेहगंज पूर्वी पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस की टीम पूरी तरह अलर्ट रही और शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
आयोजन समिति एवं श्री बाल गणेश शोभायात्रा समिति ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
सात दिनों से चल रही थी तैयारियां
नगर के मोहल्ला साहूकारा में पिछले कुछ वर्षों से अग्रवाल सेवा समिति के युवाओं की ओर से भी श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी नगर में गणेश उत्सव को लेकर करीब सात दिनों से तैयारियां चल रही थीं। उत्सव के दौरान नगर में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. प्रमोद चक्रवर्ती, राधेश्याम चक्रवर्ती, रमेश चंद्र अग्रवाल, मुन्ना, राजीव अग्रवाल, सभासद चेयरमैन संजय पाठक, व्यापारी एवं भाजपा नेता पंकज अग्रवाल, कृष्ण कुमार पाठक, राहुल गुप्ता, आयुष्मान गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, संजीव गुप्ता, सभासद संजय गुप्ता, पूर्व सभासद डॉ. यशपाल सिंह, रामू, मयंक त्रिवेदी, प्रदीप अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, रामगोपाल यादव समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।






Leave a Reply