The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में मंदिर में तोड़फोड़ को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, मारपीट और धमकी के आरोप

बरेली में मंदिर में तोड़फोड़ को लेकर दो पक्ष

रास्ते के विवाद से जुड़ा मामला, दोनों पक्षों ने थाना किला में दी तहरीर; पुलिस जांच में जुटी

bareillylive@bareillynews:बरेली। किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेती में शिव मंदिर में कथित तोड़फोड़ और रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाना किला में तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मंदिर में तोड़फोड़ का लगाया आरोप

प्रदीप गुप्ता उर्फ रिंकू की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, 14 सितंबर को वह मंदिर में साफ-सफाई कर रहे थे, जबकि मोहल्ले के कुछ लोग पूजा-पाठ कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अशोक कुमारी पत्नी राजकुमार, अपने पुत्र दीपू कश्यप, कुशल कश्यप उर्फ जीतू, धनेश्वर कश्यप उर्फ धीरज और बहू रेशम के साथ लोहे की सरिया और लाठी-डंडे लेकर मंदिर पहुंचीं और कथित रूप से तोड़फोड़ शुरू कर दी।

तहरीर में विरोध करने पर मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। प्रदीप के मुताबिक, राममूर्ति और वह खुद चोटिल हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित परिवार पिछले कई दिनों से मंदिर में चल रहे काम का विरोध कर रहा था और कथित तौर पर धमकी देता था कि उनकी अनुमति के बिना मंदिर में कोई काम नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदीप ने घटना के बाद कुछ लोगों को फोन कर मौके पर बुलाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वायरल ऑडियो को लेकर भी सामने आए दावे

घटना से जुड़े बताए जा रहे एक वायरल ऑडियो को लेकर एक स्थानीय व्यक्ति ने दावा किया कि जीतू ने पुलिस को एक लाख रुपये देने की बात कही थी। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बातचीत के दौरान स्थानीय निवासी ने पुलिस के एक दरोगा और दो कांस्टेबल के दूसरे पक्ष के घर पर मौजूद होने की बात भी कही।

एक अन्य ऑडियो में स्थानीय निवासी ने मंदिर को पहले की स्थिति में वापस कराने की मांग की। बातचीत में मंदिर में करीब 20 वर्ष पुराने दो पाए लगे होने और उनके तोड़े जाने का दावा किया गया। स्थानीय निवासी ने कहा कि मंदिर की मरम्मत के बाद ही गणेश प्रतिमा स्थापित करने का काम किया जाएगा। इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरे पक्ष ने रास्ता बंद करने का लगाया आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से दीपक ने भी थाना किला में तहरीर देने की बात कही है। दीपक के अनुसार, विवाद की शुरुआत रास्ता बंद किए जाने को लेकर हुई। उसका आरोप है कि नगर निगम द्वारा पहले हटाए गए रास्ते को दोबारा बना दिया गया और बाद में उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया।

दीपक का आरोप है कि विरोध करने पर उसे थाना समेत अन्य स्थानों पर शिकायत करने की चुनौती दी गई। इसके बाद विवाद के दौरान कई लोग मौके पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की गई। उसने कंधे और पैर में चोट लगने तथा सरिया से हमला किए जाने का आरोप लगाया।

दीपक ने मारपीट में पंकज, रिंकू, केशव, अमित और माधव समेत अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की भी पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मंदिर में तोड़फोड़ से किया इनकार

दीपक ने मंदिर का ताला तोड़ने और तोड़फोड़ करने के आरोपों से साफ इनकार किया। उसका कहना है कि वह करीब 15 वर्षों से मंदिर की सेवा करता रहा है और उसने मंदिर में किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं की।

फिलहाल मंदिर में कथित तोड़फोड़, रास्ते के विवाद और मारपीट को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

bareillylive@bareillynews:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!