The Voice of Bareilly since 2010

श्री गणेश महोत्सव में बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भजन संध्या में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’

बाबूराम धर्मशाला गणेश महोत्सव

बरेली@bareillylive:बरेली। बाबूराम धर्मशाला, शिवाजी मार्ग पर चल रहे श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के बाद शाम को भजन संध्या हुई। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

सुबह नौ बजे मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश की मान-वंदना कर पूजन एवं आरती की गई। इसके बाद शाम को न्यू स्टेप डांस स्टूडियो, महानगर के बच्चों ने डांस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए और भगवान गणेश की स्तुति में भजन भी गाए।

कार्यक्रम में नक्षिता, निश्चल, योगेश, काशवी, मीनाक्षी, आदित्य शर्मा, संजना और रोहित समेत प्रतिभागी बच्चों को संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन तुषार गर्ग के नेतृत्व में किया गया।

इसके बाद आयोजित भजन संध्या में भगवान गणेश के भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने मिलकर भगवान श्री गणेश की आरती की।

30 वर्षों से आयोजित हो रहा गणेश महोत्सव

संस्था के अध्यक्ष अनिल पाटिल ने बताया कि पिछले 30 वर्षों से संस्था की ओर से भगवान श्री गणेश का जन्मोत्सव श्री गणेश महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उत्सव के माध्यम से धार्मिक परंपराओं और आस्था को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी नाथ नगरी बरेली में बड़ी संख्या में घरों में भगवान गणेश की स्थापना कर पूजन-अर्चन किया जा रहा है। सात दिवसीय यह महोत्सव 20 सितंबर तक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

बच्चों के लिए होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

महोत्सव के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है।

20 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

महोत्सव के समापन अवसर पर 20 सितंबर को नाथ नगरी बरेली में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा में मुंबई की तर्ज पर दही हांडी उत्सव भी आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में श्रुति गंगवार और भाजपा नेता प्रशांत पटेल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश का पूजन किया और आशीर्वाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में तुषार गर्ग, मनीष शर्मा, पवन बाजपेई, अरुण कुमार, नानासाहेब गाड़े, विशाल सक्सेना, अविनाश पाटील, सरजाराव पाटिल, दत्ता मराठा, पांडुरंग मराठा, संतोष मराठा, विजय मराठा, सौरभ अग्रवाल, विजय अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, दयाशंकर वर्मा और सुधीर अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!