The Voice of Bareilly since 2010

राजेन्द्रनगर में गणपति महोत्सव के तीसरे दिन राधा-कृष्ण की फूलों की होली से मची धूम

राजेन्द्रनगर में गणपति

Bareillylive : बरेली के राजेन्द्रनगर में आयोजित सात दिवसीय विशाल गणपति महोत्सव 2026 के तीसरे दिन बुधवार (16 सितंबर) को राधा-कृष्ण की फूलों की होली और माता काली की भव्य झांकी ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शील चौराहा स्थित पंडाल में रात एक बजे तक भक्तगणों का तांता लगा रहा और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

कार्यक्रम का भक्तिमय आगाज़
गणेश महोत्सव आयोजन समिति (रजि.) द्वारा 14 से 25 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ था। तीसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत बरेली के विभिन्न क्षेत्रों से आए सांस्कृतिक ग्रुप्स की बेहतरीन प्रस्तुतियों से हुई। कलाकारों द्वारा माता कृष्ण के तीन स्वरूपों पर आधारित अत्यंत सुंदर झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

फूलों की होली और महाआरती का विशेष आकर्षण:
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मयूर नृत्य और राधा-कृष्ण की फूलों की होली रहा। जगमगाती लेजर लाइटों के बीच महाआरती सेवा समिति द्वारा आयोजित महाआरती ने भक्तिमय वातावरण बना दिया। इस दौरान शील चौराहा खचाखच भरा रहा और भक्तगण देर रात तक गणपति बप्पा के जयकारे लगाते रहे।

मुख्य अतिथि ने की कलाकारों की सराहना:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महानगर प्रचारक धर्मेंद्र जी प्रेमी (आरएसएस) रहे, जिन्होंने कलाकारों को पुरस्कृत किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि राजेन्द्रनगर के राजा का कार्यक्रम अब बरेली की पहचान बन चुका है।

कल का कार्यक्रम: प्रेम मेहरा का भजन संध्या
महोत्सव के चौथे दिन (17 सितंबर) को विभिन्न सांस्कृतिक ग्रुप्स की प्रस्तुतियों के बाद नई दिल्ली से पधारे अंतरराष्ट्रीय भजन गायक प्रेम मेहरा (अधोरी शम्भू फेम) द्वारा ‘एक शाम गणपति के नाम’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ० अरुण कुमार उपस्थित रहेंगे।

यह महोत्सव 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!