सिरौली के अंजनी गांव में दो की मौत, सीबीगंज के वल्ला कोठा में महिला ने दम तोड़ा; डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
बरेली@bareillylive:बरेली। जिले में शुक्रवार सुबह आई तेज आंधी और बारिश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कच्ची दीवारें गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए। पहला हादसा थाना सिरौली क्षेत्र के गांव अंजनी में हुआ, जहां पड़ोसी की कच्ची दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और चार वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, दूसरी घटना थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव वल्ला कोठा में हुई, जहां दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
अंजनी गांव में दीवार के नीचे दबे तीन लोग
सिरौली क्षेत्र के गांव अंजनी में सुबह तेज आंधी और बारिश के दौरान कुछ लोग पानी से बचने के लिए बैठे थे। इसी दौरान पड़ोस की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में 60 वर्षीय सुदामा पत्नी पूरनलाल और चार वर्षीय राजा पुत्र राजाराम की मौत हो गई।
वहीं, चार वर्षीय रिया पुत्री फूलसिंह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे रामनगर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीबीगंज में महिला की मौत
दूसरा हादसा थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव वल्ला कोठा में हुआ। यहां तेज आंधी के दौरान दीवार गिरने से गणेशी देवी पत्नी कृष्णपाल की मौत हो गई। उनके पति कृष्णपाल औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह तेज आंधी और बारिश के कारण जिले में कुछ स्थानों पर दीवार गिरने की दुखद घटनाएं हुई हैं। हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि बच्चे घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमों को मौके पर भेजा गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार के संबंध में बात की।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है और नियमानुसार हर संभव सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।






Leave a Reply