बरेली@bareillylive:बरेली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से रामगंगा नगर आवासीय योजना में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीडीए कार्यालय परिसर के साथ प्रधानमंत्री आवासीय योजना में दीप जलाकर सेवा, विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को अभिव्यक्त किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर की शाम करीब पांच बजे रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-02 स्थित बीडीए कार्यालय परिसर तथा सेक्टर-01 स्थित प्रधानमंत्री आवासीय योजना में दीप प्रज्वलित किए गए।
अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के विगत वर्षों और राज्य सरकार के 9.5 वर्षों के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में दीप प्रज्वलन का रहा विशेष महत्व
प्रधानमंत्री आवासीय योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में आवास को प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता बताते हुए पात्र परिवारों को बेहतर और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के प्रयासों को रेखांकित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि आवासीय योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और बेहतर जीवन-परिस्थितियां उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बीडीए द्वारा रामगंगा नगर आवासीय योजना सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से नागरिकों को सुव्यवस्थित आवासीय सुविधाएं और बेहतर अवस्थापना उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन विकास कार्यों को जनसहभागिता से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। साथ ही विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
बीडीए की ओर से बताया गया कि अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों में भी शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।






Leave a Reply