The Voice of Bareilly since 2010

सपा सरकार बनने पर लखनऊ में बनेगा भगवान विश्वकर्मा का भव्य मंदिर: शुभलेश यादव

bareillylive-सपा सरकार बनने पर लखनऊ

विश्वकर्मा जयंती पर सपा कार्यालय में गोष्ठी, सामाजिक सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प

BareillyLive : भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में बरेली स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव नरेश प्रसाद विश्वकर्मा ने किया।

गोष्ठी में सपा नेताओं और विश्वकर्मा समाज के प्रमुख लोगों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का महान शिल्पकार बताते हुए निर्माण, सृजन, श्रम और तकनीकी कौशल के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शिल्पकार, कारीगर और कामगार समाज देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि निर्माण, सृजन और श्रम के प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर घोषणा की है कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखनऊ में भगवान विश्वकर्मा का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। साथ ही विश्वकर्मा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा विश्वकर्मा समाज सहित सभी शिल्पकारों, कारीगरों और मेहनतकश लोगों के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए ठोस कदम उठाएगी।

पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि विश्वकर्मा समाज का देश के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। कारीगर और शिल्पकार अपने हुनर व मेहनत से समाज को आगे बढ़ाते हैं। सरकारों की जिम्मेदारी है कि उन्हें सम्मान, रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती श्रम, कौशल और सृजनशीलता का पर्व है। जिला सचिव डॉ. सत्यदेव ओझा ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में शिल्पकारों, कारीगरों और मजदूरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर शिल्पकारों, कारीगरों और मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में विकास, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सम्मान के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया।

गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने सामाजिक सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करने तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान जितेंद्र मुंडे, अनुज गंगवार, रामसेवक प्रजापति, दीपक वाल्मीकि, अशोक यादव, डॉ. मोहित भारद्वाज, नीरज गुप्ता, अमित गिहार, ओमवीर विश्वकर्मा, राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!