बोले संजीव अग्रवाल—प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात कर क्षेत्र के विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका
बरेली@bareillylive बरेली। पवन विहार में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैंट विधानसभा विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों, स्थानीय पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम के बाद विधायक संजीव अग्रवाल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को सामने लाया जाता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में जनहित के कार्यों को गति देने और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विधायक ने प्रधानमंत्री द्वारा समय-समय पर चलाए जा रहे ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘कैच द रेन’ जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से छोटे व्यापारियों, कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने जल संरक्षण को लेकर कहा कि बारिश की हर बूंद को सहेजना सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक होकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही विकास और जनकल्याण के प्रयासों को व्यापक रूप दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में राज बहादुर सक्सेना, अरुण कश्यप, अमरीश कठेरिया, मुकेश कुमार, सुनील कुमार, ऋषभ रत्नाकर, रितेश रत्नाकर, निखिल रत्नाकर, सुनील कुमार एडवोकेट, अनुज कुमार सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






Leave a Reply