@bareillylive:बरेली। उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की है। वाराणसी, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के पुलिस आयुक्तों को बदल दिया गया है। वहीं, बरेली और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशकों (एडीजी) की भी अदला-बदली की गई है। इस बदलाव के तहत रमित शर्मा को लखनऊ जोन और प्रवीण कुमार को बरेली जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रवीण कुमार होंगे बरेली जोन के नए एडीजी
वर्ष 1999 बैच के आईपीएस अधिकारी रमित शर्मा अब तक बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन ने उन्हें लखनऊ जोन का एडीजी नियुक्त किया है। उनके स्थान पर वर्ष 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का नया एडीजी बनाया गया है। प्रवीण कुमार इससे पहले लखनऊ जोन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
वहीं, बरेली की आठवीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक आकाश तोमर को मुरादाबाद स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
बरेली के मोहित अग्रवाल को प्रयागराज की कमान
मूल रूप से बरेली के रहने वाले वर्ष 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहित अग्रवाल को वाराणसी से प्रयागराज स्थानांतरित किया गया है। उन्हें प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोडिया को लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
लक्ष्मी सिंह गाजियाबाद, रविन्दर गौड़ संभालेंगे नोएडा
गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के पुलिस आयुक्तों की भी अदला-बदली की गई है। वर्ष 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद भेजा गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
मुरादाबाद और अयोध्या के एसएसपी भी बदले
शासन ने मुरादाबाद और अयोध्या के पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है।
चार पुलिस परिक्षेत्रों में नई तैनाती
अलीगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा और आगरा परिक्षेत्र के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ भेजा गया है। लखनऊ में तकनीकी सेवाओं के डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है।
पीएसी और अन्य इकाइयों में भी बड़ा फेरबदल
पीएसी की विभिन्न वाहिनियों में तैनात कई आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। मुरादाबाद की 23वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अमित कुमार प्रथम को आर्थिक अपराध शाखा, लखनऊ में एसपी बनाया गया है।
आगरा की 15वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक नरेन्द्र कुमार सिंह को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, सीतापुर भेजा गया है। वाराणसी की 36वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं में एसपी नियुक्त किया गया है।
गोण्डा की 30वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय और प्रयागराज की 42वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय, लखनऊ में तैनाती दी गई है।
आजमगढ़ की 20वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, गोरखपुर तथा झांसी की 33वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन, लखनऊ में एसपी बनाया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट और डीजीपी मुख्यालय में भी बदलाव
गौतमबुद्धनगर में डीसीपी के पद पर तैनात सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ में एसपी बनाया गया है। कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है।
गौतमबुद्धनगर की डीसीपी प्रीति यादव को आगरा की 15वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है।
तीन आईपीएस अधिकारियों के पुराने तबादला आदेश निरस्त
शासन ने वर्ष 2020 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों के पूर्व में जारी स्थानांतरण आदेश भी निरस्त कर दिए हैं। पुनीत द्विवेदी का लखनऊ स्थानांतरण निरस्त करते हुए उन्हें गाजियाबाद का अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
इसी तरह वाराणसी में तैनात नीतू का गौतमबुद्धनगर स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें लखनऊ भेजा गया है। वहीं, अमित कुमावत का गाजियाबाद स्थानांतरण निरस्त करते हुए उन्हें आगरा का अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
इस व्यापक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों, जोन और पुलिस इकाइयों में नई नेतृत्व व्यवस्था लागू होगी। खास तौर पर बरेली जोन में प्रवीण कुमार की नियुक्ति को स्थानीय पुलिस प्रशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।






Leave a Reply