कैंट विधायक संजीव अग्रवाल रहे साथ, बोले- स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर
@bareillylive:बरेली। जिले के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सीबीगंज में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कैंट विधानसभा विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और विधायक संजीव अग्रवाल ने परिसर में लगाए गए आईटी सेक्टर से संबंधित विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित तकनीकी नवाचारों, डिजिटल सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्यों की जानकारी ली तथा नवाचारों की सराहना की। इसके बाद दोनों नेताओं ने समारोह में आयोजित विशाल जनसभा में भी सहभागिता की।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
इस अवसर पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि बरेली में एसटीपीआई केंद्र की स्थापना क्षेत्र के आईटी और प्रौद्योगिकी सेक्टर को नई गति प्रदान करेगी। इससे बरेली सहित आसपास के जिलों में तकनीकी विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच इस तरह के केंद्रों की स्थापना से युवाओं को अपने ही क्षेत्र में तकनीकी क्षेत्र से जुड़ने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही बरेली की पहचान एक उभरते तकनीकी केंद्र के रूप में मजबूत होगी।
जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना और जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।






Leave a Reply