गांधी उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, शास्त्री चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को दी पुष्पांजलि
बरेली@Bareillylive:शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा : संजीव अग्रवाल
बरेली। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कैंट विधानसभा विधायक एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। उनके नेतृत्व में गांधी उद्यान से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान देशभक्ति, सर्वधर्म समभाव, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया गया।
हरीभरी चहल-टहल कमेटी गांधी उद्यान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने गांधी उद्यान में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उनके नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को धरातल पर साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प भी निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया और उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल गोटे वाले, अशोक गुप्ता बस वाले, अवध अग्रवाल सर्राफ, राजेंद्र गोयल, अरविंद अग्रवाल चिया वाले, राजगोपाल खट्टर, राकेश खंडेलवाल, राजेश खंडेलवाल, ओपी सिंह रेंजर, अरुण कश्यप, रोहित राकेश सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
शास्त्री चौक पर किया माल्यार्पण
इसके बाद कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पदाधिकारियों के साथ कैंट क्षेत्र स्थित शास्त्री चौक पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को कुशल नेतृत्व प्रदान किया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के जीवन से हमें ईमानदारी, अनुशासन, सादगी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा मिलती है।
इस दौरान अरुण कश्यप, जिलाध्यक्ष अश्वनी, डॉ. विकास वर्मा, वेद प्रकाश सक्सेना, दिनेश सक्सेना, अमन सक्सेना, सुधीर भटनागर डब्बल, सुंदरम सक्सेना, बबीता, ब्रजेश मिश्रा, डॉ. गौरव गंगवार, अमन सक्सेना आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply