Bareillylive : श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट परिवार के प्रेरणा स्रोत, स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय श्रीराम मूर्ति का 38वां स्मृति दिवस शुक्रवार को श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति ने अपने पिता की स्मृति में तीन विशिष्ट विभूतियों को राम मूर्ति प्रतिभा अलंकरण से सम्मानित किया। साथ ही ट्रस्ट के शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत 732 मेधावी विद्यार्थियों को 3.5 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।
समारोह श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्थित शतिक प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ। इसमें मेडिकल एजुकेशन इरा यूनिवर्सिटी लखनऊ के डायरेक्टर प्रोफेसर (डा.) राजेंद्र प्रसाद, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के चेयरमैन प्रोफेसर (डा.) जयंत खोत तथा बेंगलुरु की टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव एंड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीडर इंजीनियर प्रीति अरोरा को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
देव मूर्ति ने अपने पिता के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और ट्रस्ट की स्थापना, शैक्षणिक संस्थाओं, अनुसंधान तथा सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में 21 हजार रुपये से शुरू हुई छात्रवृत्ति योजना अब 3.5 करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंच गई है। विद्यार्थियों को 20 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
सम्मानित होने के बाद प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने राम मूर्ति प्रतिभा अलंकरण को उत्तर प्रदेश की पद्मश्री के समान बताया। उन्होंने छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों से निरंतर सीखने और परिश्रम करते रहने का आग्रह किया। प्रो. जयंत खोत ने विद्यार्थियों को लगन, निरंतरता और कार्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। एसआरएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज की एलुमनाई प्रीति अरोरा ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं और कहा कि मेहनत व मार्गदर्शन से ही सफलता संभव है।
कार्यक्रम में एसआरएमएस ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित नाट्य संग्रह ‘धर्म नीति नियति’ और ‘दर्पण के उस पार’ का विमोचन भी किया गया। इसी अवसर पर कहानी प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग की चल वैजयंती द गुरु स्कूल और वरिष्ठ वर्ग की चल वैजयंती महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय को मिली।
श्रद्धांजलि समारोह से पूर्व ट्रस्ट के सभी महाविद्यालयों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्वतंत्रता सेनानी श्रीराम मूर्ति को श्रद्धांजलि अर्पित कर सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की ओर से दो दिवसीय रक्तदान कैंप आयोजित किया गया, जिसमें मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर आदित्य मूर्ति सहित 120 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया और 120 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। वार्ड ब्वाय स्वर्गीय अवधेश कुमार की पत्नी को उनके निधन के बाद पीएनबी की अंडर सैलरी स्कीम के तहत 30 लाख रुपये की राशि का प्रतीक चेक प्रदान किया गया।
समारोह में भोजीपुरा के विधायक शहजिल इस्लाम, ब्लाक प्रमुख योगेश पटेल, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, बरेली कॉलेज के प्राचार्य डा. ओपी राय, ट्रस्टी आशा मूर्ति, उषा गुप्ता, ऋचा मूर्ति, देविशा मूर्ति, ट्रस्ट सचिव आदित्य मूर्ति सहित अनेक गणमान्य लोग, प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन टीडीपी सेल के डायरेक्टर डा. अनुज कुमार ने किया।






Leave a Reply