कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को पहनाए गोल्ड मेडल, मेरठ को हराकर अंडर-19 बालक वर्ग में भी जीता खिताब
बरेली@bareillylive:बरेली। प्रदेशीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता में बरेली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी छह वर्गों में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में बरेली ने मेरठ को 2-0 से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। मेरठ की टीम उपविजेता रहकर सिल्वर मेडल की हकदार बनी, जबकि अयोध्या की टीम ने तीसरा स्थान हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. अजीत कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आरएन टैगोर इंटर कॉलेज के तत्वावधान में शनिवार को मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेशीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बरेली की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए सभी छह वर्गों में अपना दबदबा कायम रखा।

मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जो फिट रहेगा, वही हिट रहेगा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खेल एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के संकल्प को युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत से आगे बढ़ा रहे हैं। आज भारतीय युवा एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेल का मैदान केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह जीवन में प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना बनाए रखने की सीख भी देता है। खेल युवाओं को चुनौतियों का सामना करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता का संचालन संदेश राठौर और श्रीधर शुक्ला ने किया। इस अवसर पर आरएन टैगोर इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य वंदना मिश्रा, मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद, सेपक टाकरा जोन सचिव सुमिल सीरिया, अंतरराष्ट्रीय कोच बीए शर्मा, अरुण कश्यप और वैभव जायसवाल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्याएं, शारीरिक शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






Leave a Reply