The Voice of Bareilly since 2010

दिल्ली रोड पर विकसित होगी आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप, निवेश और रोजगार के खुलेंगे नए द्वार

bareillylive@दिल्ली रोड पर विकसित होगी आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप

126.30 हेक्टेयर भूमि पर आकार लेगी औद्योगिक टाउनशिप, अब तक 21 हेक्टेयर भूमि का हुआ क्रय; 4 हेक्टेयर जमीन के लिए 8 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित

बरेली@bareillylive:बरेली। बरेली को औद्योगिक विकास और निवेश के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने कदम तेज कर दिए हैं। दिल्ली रोड पर आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिससे जिले में निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में विकसित की जा रही इस टाउनशिप के लिए कुल 126.3043 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक जनपद में न्यूनतम 50 एकड़ भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बीडीए द्वारा बरेली में सुव्यवस्थित औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए तहसील बरेली के ग्राम रसूला चौधरी और तहसील मीरगंज के ग्राम भिटौरा नौंगवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली तथा रहपुरा जागीर में भूमि चिह्नित की गई है।

अब तक 41 करोड़ रुपये से खरीदी गई 21 हेक्टेयर भूमि

परियोजना के लिए चिह्नित कुल भूमि में से लगभग 28 हेक्टेयर ग्राम समाज और शासकीय भूमि पुनर्ग्रहण के माध्यम से प्राप्त की जा रही है। वहीं, शेष लगभग 98 हेक्टेयर भूमि किसानों और अन्य भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है। बीडीए अब तक लगभग 41 करोड़ रुपये खर्च कर 21 हेक्टेयर भूमि का क्रय कर चुका है।

इसी क्रम में शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को 4 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि का क्रय किया गया। इसके लिए भू-स्वामियों को लगभग 8 करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान किया गया। प्राधिकरण का लक्ष्य भूमि अधिग्रहण और क्रय की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाते हुए परियोजना को गति देना है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी टाउनशिप

औद्योगिक टाउनशिप में उद्योगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें चौड़ी एवं सुव्यवस्थित सड़कें, भूमिगत विद्युत नेटवर्क, जलापूर्ति, सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था, हरित क्षेत्र, ई-चार्जिंग स्टेशन, गैस लाइन, नेटवर्क कनेक्टिविटी और कॉमन पार्किंग एरिया जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

इसके अलावा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, फायर स्टेशन और अन्य जरूरी औद्योगिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इन व्यवस्थाओं से उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने और उनका विस्तार करने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकेगा।

स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप के विकसित होने से बरेली में स्थानीय और बाहरी निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है। नए उद्योगों की स्थापना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार पाने के नए विकल्प मिल सकेंगे। साथ ही सहायक उद्योगों, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा इस परियोजना को सुशासन, पारदर्शिता, सुनियोजित विकास और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की भावना के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। औद्योगिक टाउनशिप के माध्यम से बरेली को एक सशक्त औद्योगिक एवं निवेश गंतव्य के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना के पूर्ण होने पर यह क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!