The Voice of Bareilly since 2010

गौशाला पहुंचकर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने की गौसेवा

बोले- सनातन संस्कृति में गौसेवा का सर्वोच्च स्थान, गोवंश की सेवा से मिलता है आत्मिक संतोष

Bareillylive:बरेली। कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने रविवार को सिटी श्मशान भूमि रोड स्थित बरेली गौशाला सोसायटी का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ ही गोवंश के रखरखाव और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद विधायक ने अपने हाथों से गौमाता को गुड़, केला और चोकर खिलाकर गौसेवा की।

इस अवसर पर संजीव अग्रवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति में गौसेवा को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि यह सेवा, करुणा और मानवीय संवेदना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गौसेवा सबसे बड़ा धर्म और पुण्य का कार्य है। गौमाता की निस्वार्थ सेवा करने से आत्मिक शांति और संतोष की अनुभूति होती है।

विधायक ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यस्त जीवन में से कुछ समय निकालकर गौसेवा अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से गोवंश के संरक्षण और सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

गौशाला की व्यवस्थाओं पर विधायक ने संतोष व्यक्त करते हुए बरेली गौशाला सोसायटी की ओर से गोवंश की देखरेख के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गोवंश के संरक्षण और सेवा के लिए समर्पित संस्थाओं का योगदान सराहनीय है।

इस दौरान बरेली गौशाला सोसायटी के अध्यक्ष राजीव बूबना, सुबोध अग्रवाल, सुमन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!