7 से 10 अक्टूबर तक एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में होगा भव्य सनातन संस्कृति सत्संग, सुधांशु महाराज देंगे दिव्य प्रवचन
बरेली@bareillylive:बरेली। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्व जागृति मिशन, बरेली मंडल की ओर से 7 से 10 अक्टूबर तक एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में भव्य सनातन संस्कृति सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। सत्संग में परम पूज्य सुधांशु महाराज अपने दिव्य एवं प्रेरणादायी प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान, सकारात्मक जीवनशैली और संस्कारों की महत्ता का संदेश देंगे। आयोजन को लेकर मिशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
सेवा, सद्भाव और परोपकार को बढ़ावा देना मिशन का उद्देश्य
विश्व जागृति मिशन के प्रधान देवेंद्र खंडेलवाल ने कहा कि मिशन का उद्देश्य आध्यात्मिक जागरण के साथ समाज में सेवा, सद्भाव और परोपकार की भावना को मजबूत करना है। परम पूज्य सुधांशु महाराज की प्रेरणा से मिशन जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों के सम्मान, चिकित्सा शिविरों और विभिन्न सामाजिक कल्याण के कार्यों में निरंतर योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही समाज में नैतिक मूल्यों और संस्कारों को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने नगरवासियों से परिवार सहित सत्संग में शामिल होने की अपील की।
भागदौड़ भरी जिंदगी में आध्यात्मिक चिंतन जरूरी
मिशन के महामंत्री पवन कुमार अरोड़ा ने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ के बीच आध्यात्मिक चिंतन और संस्कारों की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। सनातन संस्कृति सत्संग भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं से जुड़ने, पारिवारिक संबंधों में मधुरता लाने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मिशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं।
प्रभात फेरियों से दिया जा रहा सत्संग का निमंत्रण
कथा संयोजक संजय गर्ग ने बताया कि सत्संग के प्रचार-प्रसार के लिए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। कानपुर मंडल के बिठूर स्थित गुरुकुल आश्रम से आए विद्यार्थी भजन-कीर्तन के माध्यम से सनातन संस्कृति का संदेश दे रहे हैं।
प्रभात फेरियों में श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए लोगों को सत्संग में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। इससे नगर का वातावरण भक्तिमय हो रहा है और श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
8 और 9 अक्टूबर को राष्ट्रहित व बरेली के विकास के लिए होगा यज्ञ
कथा संयोजक संदीप मेहरा ने बताया कि सत्संग में रामपुर, मुरादाबाद, नैनीताल और शाहजहांपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुरु भाई-बहन पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि 8 एवं 9 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे से राष्ट्रहित और नाथ नगरी बरेली धाम के सर्वांगीण विकास के लिए यज्ञ आयोजित किया जाएगा। यज्ञ में श्रद्धालुओं के साथ परम पूज्य सुधांशु महाराज भी उपस्थित रहेंगे।
6 अक्टूबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
महिला प्रधान ममता गर्ग ने बताया कि सत्संग के शुभारंभ से एक दिन पहले 6 अक्टूबर को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा सूद धर्म कांटे से प्रारंभ होकर एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान स्थित सत्संग स्थल तक पहुंचेगी। उन्होंने नगर की महिलाओं और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
बाल संस्कार केंद्र में 125 बच्चों को मिल रही शिक्षा
बाल संस्कार केंद्र की संचालक रश्मि अग्रवाल और रीना अग्रवाल ने बताया कि विश्व जागृति मिशन की ओर से संजय नगर क्षेत्र में बाल संस्कार केंद्र संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में केंद्र में 125 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यहां बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
परिवार सहित सत्संग में पहुंचने की अपील
मिशन के सह कोषाध्यक्ष महेंद्र गंगवार ने नगरवासियों से 7 से 10 अक्टूबर तक एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित सनातन संस्कृति सत्संग में पहुंचकर परम पूज्य सुधांशु महाराज के प्रवचनों का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आध्यात्मिक जागरण के साथ समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
पत्रकार वार्ता में नरेंद्र नाथ खुराना, राजकुमार चोपड़ा, एम.एल. कालरा, राकेश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, शुभम सिंह, मोहित खन्ना, रमेश अनेजा, राकेश अरोड़ा, वेद अरोड़ा, विजय अग्रवाल, महेंद्र पाठक, अभय भटनागर, संजय पाठक सहित मिशन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Leave a Reply