The Voice of Bareilly since 2010

बरेली कॉलेज में लगा सेवा शिविर, एक छत के नीचे मिलीं सरकारी योजनाओं की जानकारी

bareillylive@कॉलेज में लगा सेवा शिविर

बरेली@bareillylive:बरेली। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को बरेली कॉलेज परिसर में थीम-9 ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत सेवा शिविर लगाया गया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी और विधायक ने विभागीय स्टॉल का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को संबंधित विभाग की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी दी जाए। शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं को रजिस्टर में दर्ज किया जाए और संभव हो तो उनका निस्तारण शिविर स्थल पर ही कराया जाए।

इसके बाद पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित शादी अनुदान योजना के पात्र लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

आमजन एक ही छत के नीचे योजनाओं का लें लाभ : संजीव अग्रवाल

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष के सेवा काल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को एक ही छत के नीचे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उपलब्ध कराना है। आमजन को इन शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर इशिता किशोर, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!