बच्चों का कराया गया अन्नप्राशन; उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा बहुओं को किया गया सम्मानित
बरेली@bareillylive:बरेली, 5 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद बरेली में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है।
इसी अभियान के अंतर्गत पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति सभागार में सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण उन्मूलन को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाधिकारी अविनाश सिंह तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर इशिता किशोर ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस दौरान कुपोषित से सुपोषित श्रेणी में आए बच्चों और उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
सोहर गीतों से गूंजा समारोह
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने इस अवसर पर सोहर गीतों की प्रस्तुति दी। इससे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण और भावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा मातृ-शिशु देखभाल को लेकर जागरूकता भी प्रदान की गई।
हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में बच्चों को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में चयनित बच्चों अवंतिका, मंताशा और अनाया को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में गंभीर तीव्र कुपोषण की स्थिति में उपचार प्राप्त करने के बाद मध्यम तीव्र कुपोषण श्रेणी में पहुंचे बच्चों को भी प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां सम्मानित
स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा बहुओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित आशा बहुओं में विकासखंड बिथरी चैनपुर की सविता सक्सेना और सुनीता देवी, भोजीपुरा की नंदरानी और रश्मि, क्यारा की रेखा और कांति देवी तथा विकासखंड बरेली की शक्ति माहेश्वरी, सुविता रानी, अंशु सक्सेना और ज्योति सैनी शामिल रहीं।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य में आंगनबाड़ी और आशा की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा बहुओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, बच्चों को कुपोषण से बाहर लाने तथा परिवारों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सहायिकाएं, आशा बहुएं, गर्भवती महिलाएं, बच्चों के अभिभावक एवं आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अवनीश यादव ने किया।




Leave a Reply