बरेली@bareillylive:बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने राजीव इन्क्लेव कॉलोनी में चल रहे कथित फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को डॉक्टर बताकर सोशल मीडिया पर भ्रामक विज्ञापन प्रसारित करते थे और फर्जी लाइसेंस के सहारे दवाओं को तैयार कर ऑनलाइन बेचते थे। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में दवाएं, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राजीव इन्क्लेव स्थित एक मकान में तीन लोग कथित तौर पर फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर इज्जतनगर पुलिस ने छापा मारा। मौके से समीरउद्दीन निवासी देवरनियां और यूसुफ निवासी बड़ी बिहार, इज्जतनगर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनका साथी इलियास खान फरार हो गया।
12 मोबाइल, छह कंप्यूटर और 85 पैकेट दवाएं बरामद

पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल फोन, छह कंप्यूटर, एक लैपटॉप, आठ मॉनीटर, तीन प्रिंटर, दो बिल प्रिंटर, छह की-बोर्ड, माउस और चार्जर तथा एक स्कैनर बरामद किया। इसके अलावा 85 पैकेट दवाएं, दवाओं से संबंधित दस्तावेज और पैकिंग सामग्री भी मिली।
तलाशी के दौरान पुलिस को 1.99 लाख रुपये नकद, छह चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, आधार-पैन कार्ड, पर्स और कूटरचित लाइसेंस भी बरामद हुए।
इंस्टाग्राम पर डॉक्टर बनकर करते थे प्रचार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे इंस्टाग्राम पर ‘हर्बल हैंड जड़ीबूटी’ नाम से आईडी बनाकर खुद को डॉक्टर के तौर पर पेश करते थे। इसके जरिए लोगों को दवाओं के संबंध में भ्रामक जानकारी और विज्ञापन दिखाकर ऑनलाइन बिक्री की जाती थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी सहारनपुर और मुरादाबाद से सामान मंगाकर उसे कैप्सूल में भरते थे। इसके बाद रैपर लगाकर फर्जी फर्म के नाम से दवाओं को ऑनलाइन बेचते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी करीब दो वर्षों से इस गतिविधि में शामिल थे।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में थाना इज्जतनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी इलियास खान की तलाश में जुटी है। बरामद दवाओं और अन्य सामग्री के संबंध में भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र गौतम, उप निरीक्षक धर्मेन्द्र विश्नोई, सुनील कुमार, संजय कुमार और मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल राजकमल सिंह, मोहम्मद इकबाल और प्रीतम सिंह, कांस्टेबल सौरव कुमार, मनीष मलिक और विशान्त कुमार शामिल रहे।






Leave a Reply