पुलिस ने जलता पुतला छीनने का प्रयास किया, कार्यकर्ताओं ने दोबारा किया पुतला दहन; चौकी चौराहे पर जमकर नारेबाजी
बरेली@bareillylive:बरेली। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध में समाजवादी पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को चौकी चौराहा पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और भाजपा का झंडा जलाकर विरोध जताया। इसके बाद महंगाई के विरोध में मटके भी फोड़े गए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जलते हुए पुतले को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखते हुए दोबारा पुतला फूंक दिया। इस दौरान चौकी चौराहा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने घूम-घूमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

एसआईआर को लेकर जताई आपत्ति
सपा कार्यकर्ताओं ने एसआईआर को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे मतदाताओं के सामने परेशानियां बढ़ सकती हैं। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और चुनाव आयोग के प्रति नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे भी उठाए गए।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष ऐजाज अहमद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एसआईआर के खिलाफ लगातार अपना विरोध दर्ज कराते रहेंगे।
महिला सभा ने भी सरकार को घेरा
समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मृता यादव ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीरता से काम नहीं करने का आरोप लगाया।
स्मृता यादव ने बढ़ती महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि पढ़ाई करने वाले बच्चों की समस्याओं पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
पुलिस बल रहा मौजूद
प्रदर्शन और पुतला दहन को देखते हुए चौकी चौराहा पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

प्रदर्शन में स्मिता यादव, मिथलेश आर्या, हुरिया रहमान, शशि चंद्र, ममता सागर, शाहीन, श्यामवीर सिंह यादव (जिलाध्यक्ष, समाजवादी अधिवक्ता सभा), राजेंद्र यादव, सुभाष चंद्र गुर्जर, यशवीर सिंह, अफजाल अंसारी, ऐजाज अहमद, स्वदेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Leave a Reply