The Voice of Bareilly since 2010

फरीदपुर में पुलिस मुठभेड़: गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, साथी गिरफ्तार

bareillylive@फरीदपुर में पुलिस मुठभेड़ गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश पैर में गोली लगने से घायल

बरेली@bareillylive:बरेली। थाना फरीदपुर पुलिस ने गुरुवार को बीसलपुर रोड स्थित साठा पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त कासिम खां को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से कासिम घायल हो गया। उसके एक साथी जाहिद अली खां को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 को थाना फरीदपुर में मुकदमा अपराध संख्या 629/26, धारा 2/3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में कासिम खां पुत्र गुल खां निवासी मेवा शर्फापुर, थाना फरीदपुर वांछित चल रहा था।

08 अक्टूबर को करीब 12 बजे मुखबिर की सूचना पर फरीदपुर पुलिस ने बीसलपुर रोड स्थित साठा पुलिया के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास करने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कासिम खां के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी फरीदपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल, बरेली रेफर कर दिया। उसकी निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

दो तमंचे और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार घायल कासिम खां के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। वहीं उसके साथी जाहिद अली खां पुत्र जान मोहम्मद निवासी मेवा शर्राफापुर, थाना फरीदपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिसकी नाल में कारतूस फंसा हुआ था, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई।

बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए फील्ड यूनिट को भी अवगत कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!