Bareillylive : चौधरी तालाब मोहल्ला स्थित सुप्रसिद्ध श्री रानी महालक्ष्मी बाई रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित ऐतिहासिक 459वीं श्रीरामलीला के अगले दिन के सत्र में चौधरी तालाब रामलीला मैदान पर धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, शिव धनुष भंग तथा लक्ष्मण-परशुराम संवाद का भव्य एवं जीवंत मंचन किया गया। इस प्रसंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
मंचन की शुरुआत मिथिलापुरी के राजा जनक के दरबार में हुई, जहां देश-विदेश के पराक्रमी राजाओं के बीच शिव धनुष उठाने की होड़ दिखाई गई। इस दौरान लंकापति रावण और दैत्यराज बाणासुर के बीच अहंकार से भरा तीखा संवाद दर्शकों का विशेष आकर्षण रहा। जब कोई भी वीर शिव धनुष को हिला तक नहीं सका, तो राजा जनक निराश होकर विलाप करने लगे। उनकी हताशा देखकर लक्ष्मण जी का क्रोध भड़क उठा और उन्होंने सभा में प्रभु श्रीराम के पराक्रम का उल्लेख किया।
महर्षि विश्वामित्र की आज्ञा पर प्रभु श्रीराम ने जैसे ही शिव धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाई, वह वज्रपात जैसी भयानक ध्वनि के साथ बीच से टूट गया। धनुष भंग की गूंज के साथ पुष्पवर्षा हुई और माता सीता ने प्रभु श्रीराम को जयमाला पहनाई। धनुष टूटने की टंकार सुनकर अत्यंत क्रोधित भगवान परशुराम का आगमन हुआ। उनके और लक्ष्मण जी के बीच हुए ओजस्वी एवं नीतिपूर्ण संवाद ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में प्रभु श्रीराम की विनम्रता देखकर परशुराम जी का क्रोध शांत हुआ।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रामगोपाल मिश्रा ने कहा कि धनुष यज्ञ और लक्ष्मण-परशुराम संवाद हमें सिखाते हैं कि बल और पराक्रम के साथ विनम्रता ही मनुष्य को श्रेष्ठ बनाती है। प्रभु श्रीराम का चरित्र हर युग में अनुकरणीय है। समिति के महाप्रबंधक श्रेयांश बाजपेई ने कहा कि आज का प्रसंग 459वीं श्रीरामलीला का सबसे प्रमुख और लोकप्रिय आकर्षण है, जिसे देखने के लिए बरेलीवासियों का उत्साह अभूतपूर्व रहा।
समिति के मंत्री शशिकांत गौतम ने बताया कि भारी भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा घेरा तथा आधुनिक ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था की गई, ताकि दर्शक संवादों का पूरा आनंद ले सकें। उन्होंने बताया कि अगले दिन प्रभु श्रीराम की भव्य बारात, चारों भाइयों का विवाह महोत्सव और विदाई का भावुक प्रसंग मंचित किया जाएगा।
इस पावन अवसर पर समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, बृजेश प्रताप सिंह, विजय मिश्रा, महामंत्री शिव नारायण दीक्षित, धीरेंद्र शुक्ला, अभिषेक मिश्रा, आदित्य शुक्ला, यश चौधरी, हर्ष अग्रवाल, प्रतीक अरोरा, आकाश गंगवार तथा मीडिया प्रभारी समर्थ गौतम आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर व्यास पीठ की महाआरती उतारी और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।






Leave a Reply