BareillyLive : मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में समग्र क्रांति के महानायक लोक नायक जय प्रकाश नारायण की 124वीं जयंती के अवसर पर क्लब कहरवान स्थित सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ मां शारदे की वंदना के साथ इन्द्र देव त्रिवेदी ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साहित्य भूषण सुरेश बाबू मिश्रा ने कहा कि जय प्रकाश नारायण ने समग्र क्रांति की ज्वाला को हर घर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि उस दौर में बच्चों के मुंह पर भी जयप्रकाश का नाम था। उनका व्यक्तित्व और राष्ट्रप्रेम की भावना आज भी प्रेरणा का स्रोत है।
क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा और डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि 1929 में अमेरिका से वापस आने के बाद जय प्रकाश नारायण का संपर्क जवाहर लाल नेहरू से हुआ और वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ गए। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश जी ने देश की स्वतंत्रता, लोकतंत्र और जन-जागरण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
इन्द्र देव त्रिवेदी, प्रकाश चंद्र और निर्भय सक्सेना ने लोक नायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बिहार से प्रारंभ हुई सम्पूर्ण क्रांति की ज्वाला धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गई। उनके आह्वान ने आम नागरिकों में चेतना और संघर्ष की नई ऊर्जा भर दी थी। वक्ताओं ने कहा कि जय प्रकाश नारायण के आदर्शों को आज की पीढ़ी तक पहुंचाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान साहित्य भूषण सुरेश बाबू मिश्रा को उनके साहित्य, समाज और सांस्कृतिक क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान के लिए जय प्रकाश नारायण स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मान पाकर आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा है और वे आगे भी समाज-सेवा तथा साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने किया। अंत में प्रकाश चंद्र सक्सेना ने उपस्थित सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा जय प्रकाश नारायण से जुड़े कुछ स्मरणीय प्रसंग साझा किए। कार्यक्रम में साहित्यप्रेमी, समाजसेवी और क्लब के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने लोक नायक के जीवन-संदेश को अपनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।






Leave a Reply