जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, बीएलओ और बीएलए को समन्वय से काम करने के निर्देश
बरेली@bareillylive:बरेली, 14 अक्टूबर। आगामी विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाए रखने के लिए जिले में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी मतदेय स्थलों पर पात्र नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद प्रस्तावित विशेष अभियान को लेकर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें अभियान की तैयारियों और मतदाता सूची को अद्यतन रखने में राजनीतिक दलों की भूमिका पर चर्चा की गई।
बीएलओ-बीएलए मिलकर भरवाएंगे फॉर्म-6
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 17 और 24 अक्टूबर को आयोजित विशेष अभियान के दौरान बीएलए अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें।
उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
पात्रों के नाम जुड़ें, अपात्रों की प्रविष्टि न हो
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान को प्रभावी बनाने में सहयोग करने की अपेक्षा की। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न सुझाव भी रखे। जिलाधिकारी ने इन सुझावों पर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी और मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






Leave a Reply