The Voice of Bareilly since 2010

शारदीय नवरात्रि पर रामगंगा घाट पर भव्य गंगा आरती, दीपों से जगमगाया घाट

bareillylive@शारदीय नवरात्रि पर रामगंगा घाट पर भव्य गंगा आरती, दीपों से जगमगाया घाट

‘हर-हर गंगे’ और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजा रामगंगा घाट, स्वच्छता अभियान चलाकर दिया गंगा संरक्षण का संदेश

बरेली@bareillylive:बरेली। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला गंगा समिति–नमामि गंगे एवं गंगा समग्र नाथनगरी, बरेली के संयुक्त तत्वावधान में रामगंगा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के विशेष सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में सुबह स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि शाम को विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना के बाद आरती की गई। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

शाम छह बजे पंडित गुड्डू ने मां गंगा की पूजा-अर्चना के साथ आरती प्रारंभ कराई। इस दौरान घाट पर ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय माता दी’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मां गंगा को दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।

गंगा समग्र नाथनगरी, बरेली के महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है और मां गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था एवं परंपरा की प्रतीक हैं। गंगा आरती के माध्यम से स्वच्छ गंगा और निर्मल गंगा के संकल्प को दोहराया गया है। उन्होंने लोगों से घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और जनसहभागिता के माध्यम से गंगा संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाने की अपील की।

इससे पहले सुबह ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत रामगंगा घाट पर सफाई की गई। अभियान के माध्यम से लोगों को घाटों को स्वच्छ रखने और गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, शाम को आयोजित आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ने के साथ ही गंगा संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर बरेली विकास प्राधिकरण के ओएसडी नीरव श्रीवास्तव, मनोज कुमार, जिला गंगा समिति–नमामि गंगे के नागेंद्र निषाद, गंगा समग्र नाथनगरी के महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह, सह-संयोजक रामनारायण सक्सेना, महानगर संयोजक युवा हरपाल सिंह यादव, प्रियांशु अग्रवाल, नरेंद्र पाल, बिंदु सिंहानिया, मानसा मिश्रा और बृजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, युवा कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!