BareillyLive : श्री रानी महालक्ष्मी बाई रामलीला समिति, चौधरी मोहल्ला के तत्वाधान में रामलीला मैदान, बड़ा भाग में आयोजित हो रही 459वीं श्रीरामलीला में मंगलवार को प्रभु श्रीराम के वनवास काल के अद्भुत एवं भावपूर्ण प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। राक्षसों के आतंक के खात्मे और संतों की रक्षा से जुड़े दृश्यों ने दर्शकों को गहराई से आकर्षित किया। यह रामलीला चौधरी तालाब पर आयोजित हो रही है और शहर की प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा मानी जाती है।
लीला का आरंभ उस प्रसंग से हुआ, जब प्रभु श्रीराम ने ऋषियों की हड्डियों का ढेर देखा। उस क्षण उन्होंने भुजा उठाकर इस पावन धरती को राक्षस विहीन करने की महान प्रतिज्ञा ली। इसके बाद वन पथ पर आगे बढ़ते हुए प्रभु की परम भक्त सुतीक्ष्ण मुनि तथा अगस्त्य मुनि से भेंट के अत्यंत भावपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किए गए। ऋषियों ने प्रभु का पूजन कर उन्हें आगे का मार्ग सुझाया, जिसके बाद श्रीराम का दंडक वन में प्रवेश हुआ।
दंडक वन में प्रभु श्रीराम की गृध्रराज जटायु से भेंट का प्रसंग दर्शकों को भावविभोर कर गया। श्रीराम ने जटायु को अपना परम मित्र माना। इसके बाद लक्ष्मण जी द्वारा बनाई गई सुंदर कुटिया में श्रीराम, सीता जी और लक्ष्मण जी ने पंचवटी में निवास किया। यहीं पंचवटी के पावन प्रांगण में रावण की बहन शूर्पणखा ने अपना रूप बदलकर प्रभु को रिझाने का कुत्सित प्रयास किया। लक्ष्मण जी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शूर्पणखा का नासिका छेदन किया।
शूर्पणखा के अपमान का बदला लेने आए उसके भाई खर और दूषण के विरुद्ध भयंकर युद्ध का दृश्य मंच पर सजा। प्रभु श्रीराम ने खर-दूषण का वध कर लंका की आसुरी शक्तियों की नींव हिला दी। इस युद्ध के सजीव मंचन के दौरान पूरा रामलीला मैदान “जय श्री राम” के उद्घोष से गूंज उठा। दर्शकों ने शूर्पणखा नासिका छेदन और खर-दूषण वध के प्रसंगों की खूब सराहना की।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रामगोपाल मिश्रा ने कहा कि 459 वर्षों की यह ऐतिहासिक परंपरा केवल एक मंचन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रामलीला हर व्यक्ति को मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।�
महाप्रबंधक श्रेयांश बाजपेई ने बताया कि आज के प्रसंगों को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। मंत्री शशिकांत गौतम ने बताया कि रामलीला देखने पहुंची भारी भीड़ को देखते हुए मैदान में सुरक्षा एवं सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, विजय मिश्रा, महामंत्री शिव नारायण दीक्षित, धीरेंद्र शुक्ला, शशिकांत गौतम, ब्रजेश प्रताप सिंह, अभिषेक मिश्रा, आदित्य शुक्ला, यश चौधरी, हर्ष अग्रवाल, प्रतीक अरोरा, आकाश गंगवार तथा मीडिया प्रभारी समर्थ गौतम सहित अनेक विशिष्ट जन और पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply