The Voice of Bareilly since 2010

पुण्य-तिथि पर दी किशोर के गीतों से श्रद्धांजलि, अतुल वर्मा को मिला किशोर स्मृति सम्मान

Bareillylive : किशोर कुमार फैंस क्लब के तत्वावधान में स्वरसम्राट किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर उन्हें गीत-संगीत के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर रामपुर बाग स्थित सभागार में गीत-संगीत की एक भव्य महफिल का आयोजन किया गया, जिसमें किशोर दा के अमर गीतों ने श्रोताओं को यादों की दुनिया में ले जा दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे की वंदना के साथ हुआ। रीता सक्सेना ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत करके माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद किशोर कुमार के प्रिय गीतों की प्रस्तुतियां शुरू हुईं, जिन्हें उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा।

कार्यक्रम की सबसे खास बात थी किशोर कुमार स्मृति संगीत सम्मान का प्रदान किया जाना। किशोर कुमार के गीतों को अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत करने वाले प्रतिष्ठित कलाकार डा. अतुल वर्मा को चौथा किशोर कुमार स्मृति संगीत सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, बरेली कालेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अजय शर्मा, विशिष्ट अतिथि कर्नल पंकज अग्रवाल, किशोर कुमार फैंस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा तथा मधु वर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।

सम्मान मिलने पर अतुल वर्मा ने किशोर कुमार के प्रसिद्ध गीत “पल पल दिल के पास” की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे श्रोताओं ने खूब पसंद किया। मधु वर्मा ने “नीले अम्बर पे” गीत से सुरों की महफिल को रंग भर दिया। क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने “तेरी भीगी भीगी सी” गाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

मुकेश सक्सेना की आवाज में “ये दिल न होता बेचारा” ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रकाश चंद्र सक्सेना ने “चला जाता हूं किसी की धुन में” गाकर वातावरण को आनंदमय बना दिया। जितेंद्र सक्सेना और रश्मि की संयुक्त प्रस्तुति “कांची रे कांची” को भी श्रोताओं ने बहुत पसंद किया।

अजय चौहान ने किशोर कुमार के हिट गीत “चांदनी रात में” से समा बांध दिया, जबकि प्रसिद्ध गायक सत्येन्द्र सक्सेना ने “मेरे महबूब कयामत होगी” की शानदार प्रस्तुति दी। गायिका शकुन सक्सेना ने “ओ साथी रे, तेरे बिना क्या जीना” गाकर माहौल को भावुक बना दिया। अरुणा सिन्हा ने “रिमझिम गिरे सावन” प्रस्तुत किया, जबकि अनिला रंजन ने भी अपनी सुंदर प्रस्तुति से श्रोताओं का मन जीत लिया।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने कहा कि हर वर्ष किशोर दा की पुण्यतिथि पर उनके अमर गीतों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है और उनकी संगीत को दी गई देन को याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार की आवाज आज भी लाखों लोगों के दिलों में जीवित है।
कार्यक्रम में सरला चौधरी, वंदना अग्रवाल, निम्मी शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं कलाकारों का आभार प्रदीप माधवार ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने किया। कार्यक्रम के दौरान किशोर कुमार के गीतों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!