मिशन शक्ति फेज-6 के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुआ आयोजन, ‘पैड वूमन ऑफ इंडिया’ राखी गंगवार ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान

रिठौरा, बरेली। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत बृहस्पतिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर बंजरिया में मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला के निर्देशन और विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनय कुमार की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ‘पैड वूमन ऑफ इंडिया’ राखी गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एआरपी विवेक सक्सेना ने की। शिक्षिका शिवानी मनोचा ने मंच का संचालन किया।
मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में विद्यालय में अध्ययनरत किशोरियों के साथ पूर्व में विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुकी छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य अतिथि राखी गंगवार ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और स्वास्थ्य देखभाल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी शंकाओं को खुलकर पूछने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं और किशोरियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनय कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में एआरपी विवेक सक्सेना, नाजली परबीन, संजीव शर्मा, रश्मि साह, कृष्ण अवतार सक्सेना, नानक चंद सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना रहा।






Leave a Reply