बरेली कॉलेज के डॉ. योगेश शर्मा का शोध-पत्र अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में सर्वश्रेष्ठ, ‘बेस्ट पेपर अवॉर्ड’ से सम्मानित

bareillylive@बरेली कॉलेज के डॉ योगेश शर्मा का शोध-पत्र अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में सर्वश्रेष्ठ

लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित 14वें आईएलआईएस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में मिली उपलब्धि, एआई और भारतीय ज्ञान प्रणाली पर आधारित शोध को मिला सम्मान

बरेली@bareillylive:बरेली। लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित 14वें आईएलआईएस (ILIS) अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में बरेली कॉलेज के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के उपाचार्य डॉ. योगेश शर्मा ने अपनी उत्कृष्ट शोध प्रस्तुति से बरेली का गौरव बढ़ाया है। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में उनके शोध-पत्र को सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट पेपर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

डॉ. योगेश शर्मा को यह सम्मान उनके शोध-पत्र ‘सतत शैक्षणिक पुस्तकालयों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं भारतीय ज्ञान प्रणाली: विकसित भारत–2047 की दिशा में एक अध्ययन’ के लिए प्रदान किया गया। इस शोध-पत्र का सह-लेखन श्रीमती सीमा मिश्रा ने किया है।

सेमिनार में देश-विदेश के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान क्षेत्र के विशेषज्ञों, शिक्षकों और शोधार्थियों ने प्रतिभाग कर अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट शोध कार्यों के मूल्यांकन के बाद चयनित शोध-पत्रों को सम्मानित किया गया।

डॉ. शर्मा के शोध में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और भारतीय ज्ञान प्रणाली के समन्वय से शैक्षणिक पुस्तकालयों को आधुनिक एवं अधिक उपयोगी बनाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया है। शोध में बताया गया है कि आधुनिक तकनीक और भारत की पारंपरिक ज्ञान परंपरा का समन्वय शैक्षणिक पुस्तकालयों को नई दिशा देने के साथ ही विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस उपलब्धि पर बरेली कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, शोधार्थियों और कर्मचारियों ने डॉ. योगेश शर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े शिक्षाविदों और शुभचिंतकों ने भी उनकी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

डॉ. योगेश शर्मा की यह उपलब्धि न केवल उनके अकादमिक एवं शोध कौशल का प्रमाण है, बल्कि बरेली कॉलेज और बरेली के उच्च शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!