पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में सात दिवसीय मेले का आयोजन, गोरखपुर की टेराकोटा कला बनी आकर्षण का केंद्र
बरेली@bareillylive:बरेली। उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड की ओर से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय क्षेत्रीय माटी कला मेला-2026 का शुभारंभ कैंट विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने किया। उन्होंने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष मिट्टी का दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न जिलों से आए माटी कला के कुशल शिल्पकारों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर उनके उत्पादों की जानकारी ली।

इस अवसर पर संजीव अग्रवाल ने कहा कि मिट्टी से बने बर्तनों और अन्य उत्पादों का हमारी परंपराओं के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में भी विशेष महत्व है। माटी कला के उत्पाद पर्यावरण को सुरक्षित रखने और धरती मां को प्रदूषण से बचाने का बेहतर विकल्प हैं। उन्होंने मिट्टी से निर्मित लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं, दीपकों, बर्तनों और अन्य आकर्षक उत्पादों की सराहना करते हुए कारीगरों के हुनर को प्रोत्साहित किया।

मेले में गोरखपुर की पारंपरिक टेराकोटा कला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यहां विभिन्न जिलों के शिल्पकारों ने अपनी कला और हुनर से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक संजीव अग्रवाल ने माटी कला से जुड़े कारीगरों एवं शिल्पकारों को आधुनिक मशीनें और टूलकिट वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कला को आधुनिक तकनीक से जोड़कर कारीगर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने लोगों से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि यह मेला सात नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आमजन मेले में पहुंचकर मिट्टी से बने विभिन्न उत्पादों को देख सकते हैं और उनकी उपयोगिता एवं निर्माण कला की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में पूरन लाल प्रजापति, अरुण कश्यप, देवेंद्र जोशी, मुकेश कश्यप सहित अनेक लोग मौजूद रहे।




Leave a Reply