बरेली@bareillylive:बरेली। भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को बरेली में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए। उनके साथ प्रदेश सरकार के मंत्रियों, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने भी पदयात्रा में भाग लिया।

पदयात्रा राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बारातघर से शुरू हुई। रवाना होने से पहले जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा बांके बिहारी मंदिर और शिवाजी चौक होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए यात्रा में सहभागिता की।
केशव मौर्य ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभाओं और कार्यकर्ता बैठकों में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त बना है। कानून-व्यवस्था और पारदर्शी शासन प्रदेश सरकार की प्रमुख पहचान है। सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। बरेली से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की प्रतिक्रिया को उन्होंने नौटंकी और बचकाना कदम बताया। केशव मौर्य ने दावा किया कि प्रदेश की जनता माफियाराज और गुंडागर्दी को स्वीकार नहीं करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन की मजबूती और जनसंपर्क को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
पदयात्रा को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यात्रा मार्ग सहित आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार,कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और मंत्री धर्मपाल सिंह शामिल रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक एमपी आर्या, आदेश प्रताप सिंह, अधीर सक्सेना, सोमपाल शर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Leave a Reply