बरेली के 4.16 लाख उज्ज्वला परिवारों को मिलेगी 642 रुपये की गैस सब्सिडी, मुख्यमंत्री ने योजना का किया शुभारंभ

bareillylive@बरेली के 4.16 लाख उज्ज्वला परिवारों को मिलेगी 642 रुपये की गैस सब्सिडी

नवंबर में रिफिल बुक कराने पर लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचेगी धनराशि, प्रदेश के 1.86 करोड़ परिवारों को मिलेगा लाभ

बरेली@bareillylive:बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वर्ष में दो निशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण का शुभारंभ कर दिया गया है। इसके तहत बरेली जिले के 4,16,980 उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारक परिवारों को 642 रुपये प्रति परिवार की धनराशि सब्सिडी के रूप में उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।

योजना के प्रथम चरण में नवंबर माह में गैस सिलेंडर की रिफिल बुक कराने वाले लाभार्थियों के बैंक खातों में 642 रुपये की धनराशि भेजी जाएगी। प्रदेश सरकार ने इस योजना के लिए कुल 1500 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।

प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को योजना का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों के बैंक खातों में कुल 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की।

इसी क्रम में जनपद स्तर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधान परिषद सदस्य ठाकुर महाराज सिंह एवं बहोरन लाल मौर्य, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और जिलाधिकारी अविनाश सिंह की उपस्थिति में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में खाद्य विभाग के उपायुक्त मदन यादव, जिला पूर्ति अधिकारी तथा तेल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजना की जानकारी देते हुए इसका लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!