निर्वाचन साक्षरता क्लबों में 20 नवंबर तक होंगी निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं

bareillylive:निर्वाचन साक्षरता क्लबों में 20 नवंबर तक होंगी निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं

बरेली@bareillylive:बरेली। विद्यार्थियों और युवाओं को मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से ये प्रतियोगिताएं आगामी 20 नवंबर 2026 तक आयोजित होंगी।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शुद्ध मतदाता सूची के महत्व, मतदान के अधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना है। इसके तहत निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ शामिल हैं।

निबंध प्रतियोगिता में स्कूल स्तर के विद्यार्थियों के लिए 500 से 800 शब्द तथा कॉलेज स्तर के प्रतिभागियों के लिए 800 से 1200 शब्दों की सीमा तय की गई है। विद्यार्थी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में निबंध लिख सकेंगे।

इसी क्रम में क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसमें मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रतियोगिता के लिए 50 प्रश्न उत्तर सहित उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रश्नों की गुणवत्ता, उपयुक्तता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आवश्यकता के अनुसार प्रश्नों का हिंदी अनुवाद भी किया जा सकेगा।

संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की पात्रता, समय-सीमा, आवश्यक सामग्री और अन्य दिशा-निर्देश भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप होंगे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!