महादेव पुल पर चाइनीज मांझे का कहर, स्कूटी सवार कार से टकराकर सड़क पर गिरा

bareillylive@महादेव पुल पर चाइनीज मांझे का कहर स्कूटी सवार कार से टकराकर सड़क पर गिरा

बरेली@bareillylive:बरेली। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस-प्रशासन की तमाम कोशिशों और पुलों पर सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाए जाने के बावजूद लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर स्थित महादेव पुल का है। यहां चाइनीज मांझे की चपेट में आने से स्कूटी सवार राजीव रस्तोगी हादसे का शिकार हो गए। मांझे से घबराकर स्कूटी की रफ्तार धीमी करने के दौरान उनकी पीछे से आ रही कार से टक्कर हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।

एमबी इंटर कॉलेज के पास चाणक्यपुरी कॉलोनी निवासी राजीव रस्तोगी ने बताया कि वह घर से स्कूटी लेकर अपनी लैब जा रहे थे। महादेव पुल पर पहुंचते ही अचानक मांझा उनकी नाक पर आकर लगा। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन मांझा नाक पर लगने से वह घबरा गए और उसे हाथ से हटाने का प्रयास करने लगे।

इसी दौरान उन्होंने स्कूटी की रफ्तार धीमी कर दी। तभी पीछे से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें संभाला और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।

रेलिंग के बावजूद हादसे, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

महादेव पुल शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां सड़क किनारे रेलिंग लगाए जाने के बावजूद मांझे की चपेट में आने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

लगातार हो रहे हादसों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर इस जानलेवा मांझे पर पूरी तरह लगाम कब लगेगी? प्रशासन और पुलिस को मांझे की बिक्री करने वालों के साथ-साथ इसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करनी होगी, ताकि किसी राहगीर की जान खतरे में न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!